इंस्टाग्राम पर फिल्टर इस्तेमाल करती थी 52 वर्षीय महिला, उससे दिल लगा बैठा 26 साल का युवक, फिर जो हुआ वो कल्पना के परे…
इंस्टाग्राम पर फिल्टर इस्तेमाल करती थी 52 वर्षीय महिला, उससे दिल लगा बैठा 26 साल का युवक, फिर जो हुआ वो कल्पना के परे…
यूपी के मैनपुरी में बीते दिनों एक महिला का शव मिला था. महिला की पहचान नहीं हो पाई थी. अब इस मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने बताया कि महिला की हत्या करके शव झाड़ियों में फेंक दिया गया था. वह यूपी के फर्रुखाबाद की रहने वाली थी. पुलिस ने हत्या के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने बताया कि आरोपी और मृतका के बीच उम्र का काफी अंतर था. महिला अपनी उम्र छिपाने के लिए इंस्टाग्राम पर फिल्टर का इस्तेमाल करती थी. इस कारण अरुण महिला के झांसे में आ गया. वह अविवाहित है.
मैनपुरी के पुलिस लाइन सभागार में एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने मीडिया कर्मियों को बताया कि 11 अगस्त की सुबह कोतवाली क्षेत्र में खरपरी रजबहा के निकट झाड़ियों में एक 52 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिला था. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद यह पता चला कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी. मृतका की पहचान फर्रुखाबाद के राजेपुर के गांव जिठौली निवासी रानी के रूप में हुई थी. जब पुलिस ने इस मामले की जांच की तो उन्हें 25 वर्षीय अरुण राजपूत के बारे में पता चला. अरुण मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव किशोरपुर का रहने वाला है. पुलिस उसे गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.

अरुण राजपूत ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह एक ड्राइवर है और उसकी रानी से मुलाकात इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी. बाद में यह दोस्ती प्यार में बदल गई. पुलिस को यह भी पता चला कि अरुण ने रानी से करीब डेढ़ लाख रूपए लिए थे और वह (रानी) रूपए वापस करने को कह रही थी. साथ ही वह शादी का दबाव भी बना रही थी. अरूण का आरोप है कि रानी उसे जेल भिजवाने की धमकी दे रही थी. इस वजह से उसने हत्या करने की योजना बनाई.
पुलिस ने बताया कि अरुण ने रानी को मिलने के लिए मैनपुरी बुलाया था. वहां से मुलाकात के बाद दोनों पैदल ही चल पड़े. यहां रानी ने रूपए मांगते हुए शादी करने की जिद की. पुलिस ने बताया कि युवक ने रानी के गले में पड़े दुपट्टे से फंदा कसकर उसकी हत्या कर दी. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को जेल भेज कर इस मामले का खुलासा कर दिया है.
Hindi Post Web Desk
