बेहद खौफनाक : दो गुटों की हिंसक झड़प में बिछ गई 6 लाशें, घात लगाकर धारदार हथियारों से किया हमला फिर…..

crime police (1)

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

बेहद खौफनाक : दो गुटों की हिंसक झड़प में बिछ गई 6 लाशें, घात लगाकर धारदार हथियारों से किया हमला फिर…..

 

विजयपुरा | कर्नाटक के विजयपुरा जिले में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में कम से कम छह लोगों की हत्या कर दी गई है. यह सनसनीखेज वारदात शुक्रवार को जिले के चडचन तालुक के गोविंदपुर गांव में हुई जिसके बाद से पूरे इलाके में दहशत है.

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह घटना निराले और गोलागी परिवारों के बीच लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद से जुड़ी हुई है. आरोप है कि हमलावरों ने पहले पीड़ितों पर धारदार हथियारों से हमला किया और बाद में उन्हें गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया.

मृतकों की पहचान रेवनसिद्दप्पा निराले, डुंडप्पा रेवनसिद्दप्पा निराले, शिवपुत्र रेवनसिद्दप्पा निराले, चन्द्रशेखर निराले और शब्बीर नदाफ के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि हमले में एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हुई है जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई.

जानकारी के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच कृषि भूमि के स्वामित्व को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. कुछ दिन पहले इस मामले को सुलझाने के लिए एक स्थानीय पंचायत बैठक भी आयोजित की गई थी.

शुक्रवार को भूमि विवाद के समाधान के लिए एक और बैठक में शामिल होने के उद्देश्य से निराले परिवार के सदस्य और अन्य लोग पहुंचे थे. इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

पुलिस ने चडचन थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हमलावरों की पहचान और घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.

गौरतलब है कि भीमा नदी का इलाका पहले भी हिंसक संघर्षों के लिए चर्चा में रहा है. उत्तर कर्नाटक के इस क्षेत्र में जमीन विवाद, गैंगवार और बदले की घटनाओं का लंबा इतिहास रहा है. सिंदगी और इंडी तालुक के कई गांवों में भूमि विवादों को लेकर वर्षों से खूनी संघर्ष होते रहे हैं.

पुलिस के अनुसार, इस क्षेत्र में अवैध देसी हथियारों की उपलब्धता भी एक बड़ी समस्या रही है, जिनकी तस्करी पड़ोसी राज्यों से की जाती है. इसी वजह से भीमा नदी का इलाका लंबे समय से हिंसक घटनाओं और अवैध हथियारों के लिए कुख्यात माना जाता है.

आईएएनएस

कर्नाटक: जमीन विवाद में छह लोगों की मौत, धारदार हथियारों और गोली मारकर हत्या

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!