पूर्व मुख्यमंत्री एक्शन में, अपनी ही बेटी को पार्टी से निकाला

KCR expels daughter from party (1)
The Hindi Post

पूर्व मुख्यमंत्री एक्शन में, अपनी ही बेटी को पार्टी से निकाला, Former Chief Minister in action, expels his own daughter from the party

 

हैदराबाद | भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) ने अपनी बेटी और एमएलसी के. कविता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए केसीआर ने मंगलवारा को बेटी के. कविता को बीआरएस से निकल दिया. पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कई बैठकों के बाद यह फैसला लिया.

भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के महासचिव टी. अरविंद राव और सोमु भारत कुमार ने एक बयान में कहा कि केसीआर ने कविता को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित करने का फैसला किया है. बयान के अनुसार, बीआरएस नेतृत्व ने कविता के कार्यों और उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों से पार्टी को हो रहे नुकसान को गंभीरता से लिया है.

के. कविता ने पूर्व मंत्री हरीश राव, पूर्व सांसद संतोष कुमार और राज्यसभा की सदस्य रह चुकीं मेघा कृष्ण रेड्डी पर गंभीर आरोप लगाए थे. हरीश राव और संतोष कुमार, दोनों पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर के भांजे हैं. सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कविता ने तीनों पर केसीआर की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला था.

बीआरएस के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) की बेटी और एमएलसी के. कविता की फाइल फोटो (आईएएनएस)

उनकी यह टिप्पणी मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की ओर से कालेश्वरम परियोजना में कथित अनियमितताओं से संबंधित मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपे जाने की घोषणा के कुछ घंटों बाद आई थी.

एमएलसी के. कविता ने आरोप लगाया था कि केसीआर के आसपास के लोगों के बुरे कामों ने उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल किया है. इसी कारण उनके खिलाफ सीबीआई जांच शुरू हुई है. उन्होंने कहा कि केसीआर जनता के बारे में सोच रहे थे जबकि उनके आसपास के लोग अपना स्वार्थ सिद्ध कर रहे थे. उन्होंने कहा कि इन्हीं लोगों की वजह से सीएम रेवंत रेड्डी ने केसीआर के खिलाफ सीबीआई जांच शुरू की है.

फिलहाल, अपनी ही पार्टी के नेताओं के नाम लेने के कारण के. कविता पर कार्रवाई हो गई है. केसीआर ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया है.

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!