चोट के कारण जसप्रीत बुमराह टी20 विश्व कप से बाहर: रिपोर्ट

Jasprit Bumrah (1)

Photo: Instagram/Jasprit Bumrah

The Hindi Post

नई दिल्ली | अगले महीने आस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप होने जा रहा है. इससे पहले टीम इंडिया को करारा झटका लगा है. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण इस मेगा टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं.

तिरुवनंतपुरम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच शुरूआती टी20 से पहले, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा था कि बुमराह को मंगलवार को अभ्यास सत्र के दौरान पीठ दर्द की शिकायत हुई थी जिसके चलते वो बुधवार के मैच में नहीं खेलेंगे.

बीसीसीआई ने ट्विटर पर अपने बयान में कहा, “जसप्रीत बुमराह ने मंगलवार को अभ्यास सत्र के दौरान पीठ दर्द की शिकायत की थी. बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उनका आकलन किया. वह पहले टी20 से बाहर हो गए है.”

लेकिन, अब इनसाइडस्पोर्ट की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि मेडिकल टीम बुमराह की टी20 विश्व कप के लिए उपलब्धता पर फैसला करेगी, जो सर्जरी की आवश्यकता के बिना भी चार से छह महीने के लिए टीम से बाहर हो सकते हैं.

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया, “यह चिंताजनक है. लेकिन हमारे पास अभी तक जसप्रीत की पूरी मेडिकल रिपोर्ट नहीं आई है. जैसे ही उन्होंने पीठ दर्द की शिकायत की, उन्हें अभ्यास करने से रोक दिया गया. मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है.”

इस साल जुलाई के महीने से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर रहने वाले बुमराह पीठ की चोट के कारण संयुक्त अरब अमीरात में टी20 एशिया कप से चूक गए थे.

इसके बाद उन्हें भारत में आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली तीन मैचों की टी20 श्रृंखला के लिए फिट घोषित किया गया था. श्रृंखला में, उन्होंने मोहाली में पहला मैच नहीं खेला, लेकिन नागपुर और हैदराबाद के मैचों में भाग लिया था.

रिपोर्ट में कहा गया है कि पीठ की वही चोट जिसने बुमराह को एशिया कप से बाहर रखा था, वह अब फ्रैक्चर में बदल गई है.

उन्होंने कहा, “बुमराह के अगले महीने लंदन जाने की उम्मीद है. अगर उन्हें सर्जरी की आवश्यकता है, तो वह छह महीने से अधिक समय तक मैदान से दूर रह सकते हैं.”

अगर बुमराह वास्तव में टी20 विश्व कप से बाहर हो जाते हैं, तो वह आलराउंडर रवींद्र जडेजा (दाएं घुटने की सर्जरी से उबर रहे है) के बाद वर्ल्ड कप (16 अक्टूबर से शुरू हो रहा है) से बाहर होने वाले दूसरे बड़े भारतीय क्रिकेटर होंगे.

बुमराह के टी20 विश्व कप से अनुपस्थित रहने की स्थिति में, सीनियर राष्ट्रीय चयन समिति के पास मोहम्मद शमी या दीपक चाहर जैसे विकल्प मौजूद हैं. इन्हे टूर्नामेंट के लिए अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में रखा गया है.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!