आईपीएल 2021: चेन्नई सुपर किंग्स के बॉलर दीपक चाहर ने मैच के बाद क्रिकेट स्टेडियम में किया गर्लफ्रेंड को प्रोपोज़
फोटो क्रिकेटर दीपक चाहर द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा की गई
दुबई | भारतीय तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने गुरुवार को यहां दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल 2021 के मैच के बाद अपनी गर्लफ्रेंड को प्रपोज किया। आईपीएल के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किए गए वीडियो में, चाहर को एक घुटने पर बैठते हुए और अपने प्रियजनों के सामने अपनी गर्लफ्रेंड की उंगली पर अंगूठी पहनाते हुए देखा गया।
चाहर ने इंस्टाग्राम पर अपनी गर्लफ्रेंड की कुछ तस्वीरें साझा कीं और प्रशंसकों से आशीर्वाद बरसाने के लिए कहा। चाहर ने इंस्टाग्राम पर अपने पोस्ट को कैप्शन दिया, “तस्वीर सब कुछ कह देती है। आप सभी के आशीर्वाद की जरूरत है।”
पंजाब और सीएसके के मैच में चाहर ने 4 ओवर में 48 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया पर सीएसके पंजाब के खिलाफ छह विकेट से मैच हार गई।
आईपीएल 2021 के प्लेऑफ से पहले एमएस धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स टीम के लिए यह लगातार तीसरी हार थी।
दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर और श्रेयस अय्यर के साथ, संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में खेले जाने वाले आगामी पुरुष टी 20 विश्व कप के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की स्टैंडबाय सूची में रखा गया है।
आईएएनएस
