बांग्लादेश पर हुई बैठक में राहुल गांधी ने “बाहरी ताकतों के हाथ होने..” का सवाल उठाया, विदेश मंत्री जयशंकर ने दिया यह जवाब

All Party Meeting (1) (1)

Photo: X/S Jaishankar

The Hindi Post

नई दिल्ली | बांग्लादेश अशांति के दौर से गुजर रहा है. इस बीच मंगलवार को केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई थी. इस बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और जेपी नड्डा मौजूद रहे.

बैठक में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद थे.

विदेश मंत्री ने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को बांग्लादेश के हालात की जानकारी देते हुए यह आश्वासन भी दिया कि पड़ोसी देश पर सरकार की पैनी नजर बनी हुई है. उन्होंने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के बारे में भी बैठक के दौरान जानकारी दी. सभी राजनीतिक दलों ने इस मसले पर सरकार के साथ खड़े होने का भरोसा दिया.

बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने यह जानकारी भी दी कि बांग्लादेश में 20 हजार भारतीय है जिसमें से ज्यादातर छात्र है. सरकार द्वारा एडवाइजरी जारी करने के बाद 8 हजार छात्र भारत लौट आए हैं.

उन्होंने यह भी बताया कि सरकार बांग्लादेश की सेना के संपर्क में है. वहां स्थिति लगातार बदल रही है और आगे जैसे-जैसे बदलाव होगा सरकार इसके बारे में फिर से जानकारी देगी.

शेख हसीना के बारे में बैठक में यह बताया गया कि उन्हें थोड़ा समय देना चाहिए और उन्हें स्वयं ही यह फैसला करना है कि वह कहां जाना चाहती हैं.

राहुल गांधी ने इस बैठक में बांग्लादेश के राजनीतिक घटनाक्रम में बाहरी ताकतों के हाथ होने के बारे में सवाल पूछा. इसके जवाब में बताया गया कि अभी इस बारे में बात करना जल्दबाजी है.

बैठक में अन्य राजनीतिक दलों जैसे डीएमके से टी आर बालू, सपा से रामगोपाल यादव, टीएमसी से सुदीप बंदोपाध्याय, बीजेडी से सस्मित पात्रा आदि शामिल हुए.

आपको बता दें कि बांग्लादेश के हालात को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने आधिकारिक आवास पर सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की उच्चस्तरीय बैठक की थी. इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी को बांग्लादेश के मौजूदा हालात के बारे में जानकारी दी गई थी.

बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के अलावा कई अन्य उच्च अधिकारी शामिल हुए थे. बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत आई शेख हसीना के साथ अपनी बैठक, बांग्लादेश के ताजा राजनीतिक हालात और वहां पर जारी हिंसा की स्थिति से जुड़े तथ्यों से अवगत कराया गया था.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!