कैसे मारा गया हमास प्रमुख इस्माइल हानिया ईरान ने खुद बताया?

Ismail Haniyeh (1)

हमास चीफ इस्माइल हानिया (फाइल फोटो | क्रेडिट: आईएएनएस)

The Hindi Post

तेहरान | ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने कहा है कि हमास पोलित ब्यूरो प्रमुख इस्माइल हानिया की हत्या “लगभग 7 किलोग्राम वजनी वॉरहेड से भरे शॉर्ट-रेंज प्रोजेक्टाइल” से की गई.

आईआरजीसी ने शनिवार को अपने तीसरे बयान में ईरानी राजधानी तेहरान में कथित इजरायली हमले में हानिया की हत्या के बारे में कहा, ”जांच में पता चला है कि इस आतंकवादी कार्रवाई को मेहमानों के रहने की जगह के बाहर से एक छोटी दूरी के प्रोजेक्टाइल (शॉर्ट-रेंज प्रोजेक्टाइल) के माध्यम से अंजाम दिया गया. इस प्रोजेक्टाइल में लगभग 7 किलोग्राम वजनी विस्फोटक भरा हुआ था. इससे बहुत बड़ा धमाका हुआ.”

बता दे कि इस्माइल हानिया ईरान के दौरे पर था. वह ईरान का मेहमान था. वह ईरान के नए राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने आया था. पर उसकी हत्या कर दी गई. सबसे बड़ी बात यह कि उसकी हत्या ईरान की धरती पर हुई. यानि ईरान अपने मेहमान की सुरक्षा नहीं कर सका और अब बदले की आग में जल रहा है.

समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, एक बयान में कहा गया है कि इस ‘आतंकवादी’ हमले की योजना इजरायल ने बनाई थी. इसे अमेरिकी सरकार के सहयोग से अंजाम दिया गया था.

आईआरजीसी ने कहा कि हानिया की हत्या का बदला निश्चित रूप से लिया जाएगा. दुस्साहसी और आतंकवादी इजरायल को इस अपराध के लिए उचित समय और स्थान पर निर्णायक जवाब मिलेगा.

बता दें कि हमास प्रमुख इस्माइल हानिया को मंगलवार को ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था. बुधवार तड़के तेहरान स्थित उनके आवास (मेहमानों के रुकने की जगह) पर हमला कर उनकी और उनके बॉडीगार्ड की हत्या कर दी गई थी.

आईएएनएस/हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!