भीषण सड़क हादसा: एक के बाद एक टकराए तीन वाहन, 3 लोगों की मौत
Photo: IANS
सोलापुर | महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के मोहोल तालुका में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है. यहां तीन गाड़ियां एक-एक कर टकरा गई. यह घटना सोलापुर-पुणे हाईवे पर कोलेवाड़ी के पास हुई. इस दुर्घटना में एक ट्रक, एक मिनी बस और एक दोपहिया वाहन शामिल थे.
जानकारी के मुताबिक, ट्रक और दोपहिया वाहन के बीच टक्कर के बाद ट्रक गलत साइड में चला गया और मिनी बस से टकरा गया. इस टक्कर के कारण मिनी बस पलट गई. हादसे में बाइक सवार दयानंद भोसले, मिनी बस ड्राइवर लक्ष्मण पवार और एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. इसके अलावा, 15 लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.
यह दुर्घटना उस समय हुई जब श्रद्धालु तुलजापुर में देवदर्शन के लिए जा रहे थे. हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई. पास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचित किया. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की.
एक्सीडेंट से हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ. पलटी हुई मिनी बस को क्रेन की मदद से हटाया जा सका.
इस मामले में ट्रक के चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. हादसे की जांच जारी है और पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
इससे पहले 16 जनवरी को मुंबई दहिसर टोल नाके में भीषण सड़क हादसा हुआ था जहां एक कार डंपर से जा टकराई थी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसमें कार जलकर राख हो गई थी. वही डंपर के अगले हिस्से में भी आग लग गई थी. इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी.
