कोर्ट के बाहर गैंगवार, ताबड़तोड़ चलने लगी गोलियां, एक गैंगस्टर की कर दी गई हत्या
फोटो: आईएएनएस
कोर्ट के बाहर गैंगवार, ताबड़तोड़ चलने लगी गोलियां, एक गैंगस्टर की कर दी गई हत्या
हिसार | हिसार कोर्ट परिसर के बाहर दिनदहाड़े गैंगवार की घटना से हड़कंप मच गया. कोर्ट में पेशी के लिए पहुंचे गैंगस्टर विनोद पन्नू की गोली मारकर हत्या कर दी गई. जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. घटना के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 12 राउंड फायरिंग की, जबकि मौके पर मौजूद एक वकील के मुताबिक, कोर्ट के मुख्य गेट के आसपास करीब 15 से 20 राउंड फायर किए जाने की बात सामने आई है. फायरिंग की इस घटना से कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
वकील ने बताया कि हिसार कोर्ट में आज दो पक्षों के बीच गैंगवार जैसी स्थिति पैदा हो गई. घटना में करीब तीन लोगों के गोली लगने की सूचना है. वकील ने बताया कि जिस मामले में दोनों पक्ष कोर्ट पहुंचे थे उसमें कोई महत्वपूर्ण फैसला आने की संभावना थी. आशंका जताई जा रही है कि इसी मामले से जुड़े दोनों पक्षों के बीच कोर्ट परिसर में विवाद हुआ और देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई. मेन गेट की तरफ करीब 15 से 20 राउंड फायर किए जाने की बात सामने आई है. इसके अलावा वकीलों की पार्किंग के अंदर भी दो राउंड फायर होने की जानकारी है. यह वकीलों की सुरक्षा के लिहाज से मामला बड़ा संवेदनशील है.
वकील ने आगे कहा कि जिला प्रशासन को अदालत परिसर और उसके आसपास विशेष निगरानी तंत्र स्थापित करना चाहिए. कोर्ट के अंदर अगर इस तरह से गोलीबारी होती है तो प्रशासन के ऊपर प्रश्नचिह्न लगना लाजमी हैं.
हिसार के एएसपी मयंक मुद्गिल ने बताया कि लगभग 14 राउंड फायरिंग हुई है. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जिन लोगों पर फायरिंग हुई थी, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है.
By IANS
