प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, शव को लगाया ठिकाने
सांकेतिक तस्वीर
हरियाणा के भिवानी में एक महिला को पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. महिला और उसके प्रेमी ने कथित तौर पर प्रवीण की हत्या कर दी थी. प्रवीण आरोपी महिला के पति थे.
आरोप है कि हत्या के बाद, रवीना और उसके प्रेमी सुरेश ने प्रवीण के शव को शहर के बाहर स्थित एक नाले में फेंक दिया था.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, रवीना सोशल मीडिया जैसे इंस्टाग्राम पर वीडियो और रील्स पोस्ट किया करती थी. इसी को लेकर उसकी प्रवीण से बहस हुआ करती थी.
करीब दो साल पहले, रवीना की इंस्टाग्राम के माध्यम से सुरेश से पहचान हुई थी. सुरेश हिसार (हरियाणा) का रहने वाला है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह एक यूट्यूबर है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले रवीना और सुरेश की दोस्ती हुई और फिर दोनों के प्रेम संबंध बन गए.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 25 मार्च के दिन प्रवीण ने घर लौटने पर अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था. उसने इसका विरोध किया था. दोनों के बीच बहस हो गई थी. उसी रात रवीना और सुरेश ने प्रवीण की कथित तौर पर हत्या कर दी थी.

इसके बाद पुलिस को एक नाले से प्रवीण का शव मिला था. शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी. दूसरी तरफ एक CCTV फुटेज पुलिस के हाथ लगी जिसमें रवीना और सुरेश, प्रवीण के शव को बाइक से ले जाते हुए हुए दिखाई दिए.
पुलिस के मुताबिक, “हरियाणा के भिवानी में रहने वाले प्रवीण को अपनी पत्नी रवीना और उसके प्रेमी सुरेश के अंतरंग संबंधों के बारे में पता चल गया था. रवीना और सुरेश ने प्रवीण के शव को अपनी बाइक पर ले जाकर शहर के बाहर एक नाले में फेंक दिया था.”
प्रवीण के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई गुमशुदगी पर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की थी. पुलिस को तीन दिन बाद प्रवीण का शव सड़ी-गली हालत में बरामद हुआ था.
पुलिस ने जब रवीना से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया. इसके बाद रवीना को जेल भेज दिया गया जबकि सुरेश को पकड़ने के लिए पुलिस तलाशी अभियान चला रही है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बताते चलें कि प्रवीण और रवीना की शादी साल 2017 में हुई थी. दोनों का 6 साल का एक बच्चा भी है.
