पहले कुत्ते को खटिया से बांधा फिर उसके मुंह में डंडा डाल कर प्लास से तोड़ डाले दांत, 5 लोगों के खिलाफ FIR

Bhind animal cruelty (1)
The Hindi Post

मध्य प्रदेश के भिंड में मानवता को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर निकलकर सामने आई है. यहां कुछ लोगों ने एक आवारा कुत्ते को पहले खटिया से बांधा और फिर उसके मुंह में डंडा घुसेड़ दिया. इतना ही नहीं, लोगों ने कुत्ते के दांतों को प्लास से बुरी तरह खींच दिया. जिससे कुत्ते का मुंह लहूलुहान हो गया. बेदर्द लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया और इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. हालांकि इस मामले में पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज कर ली है.

यह पूरा घटनाक्रम भिंड जिले के रावतपुरा खुर्द गांव से निकलकर सामने आया है. यहां के रहने वाले परमाल सिंह ने अपने दो साथियों आनंद और ब्रिजेश के साथ मिलकर गांव के ही एक आवारा कुत्ते को खटिया से बांध दिया. इसमें गांव के दो अन्य लोगों ने भी परमाल का साथ दिया. कुत्ते को खटिया से बांधने के बाद पांचों लोगों ने कुत्ते के मुंह में डंडा घुसेड़ दिया और इसके बाद हाथ में प्लास पकड़कर कुत्ते के दांतों को खींचना शुरू कर दिया. इस तरह दांत खींचने पर कुत्ते का मुंह लहूलुहान हो गया. बेदर्द लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया और इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

यह वायरल वीडियो भिंड जिला मुख्यालय पर रहने वाले अक्षय जैन तक पहुंचा. इंसानियत ग्रुप के सदस्य अक्षय जैन को इस वीडियो को देखने के बाद काफी पीड़ा महसूस हुई और वह दबोह थाने पहुंच गए. थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने परमाल सिंह समेत पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली है.

दबोह थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने फरियादी की शिकायत पर तीन नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 325 BNS के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है. साथ ही पुलिस ने लोगों को धाराएं बताकर उससे होने वाली सजा की जानकारी भी दी. पुलिस का कहना है कि पशु को घायल करके छोड़ने पर 325 BNS लगाई जाती है. अगर कुत्ते की मौत होती है तो यह धारा बढ़ जाएगी. साथ ही ग्रामीणों के लिए एक चेतावनी भी जारी की है कि जो भी पशुओं के साथ अमानवीय घटना करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने जानवारों के साथ दया भावना दिखाने की अपील की है. टीआई ने ग्रामीणों से कहा कि जानवरों के साथ हमेशा दया भावना रखना चाहिए.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!