अंबानी परिवार को फिर मिली जान से मारने की धमकी
फाइल फोटो | ians
मुंबई | अरबपति उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनके परिवार को बुधवार को फिर से जान से मारने की धमकी मिली है. इसके अलावा दक्षिण मुंबई में सर एच.एन. रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल को भी उड़ाने की धमकी दी गई है.
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि, “दोपहर 12 बजकर 57 मिनट पर एचएनआरएफ अस्पताल के कॉल सेंटर पर कॉल आया और फिर शाम 5.04 बजे कॉल आई जिसमें अस्पताल की इमारत को उड़ा देने की धमकी दी गई”.
फोन करने वाले ने मुकेश अंबानी, उनकी पत्नी नीता अंबानी और उनके बच्चों आकाश और आनंद को जान से मार देने की धमकी दी.
अस्पताल प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है और पुलिस ने जांच भी शुरू कर दी गई है.

यह घटना केंद्र सरकार के द्वारा मुकेश अंबानी की सुरक्षा को जेड से बढ़ाकर जेड प्लस करने के 5 दिन बाद सामने आई है. जबकि उनकी पत्नी को पहले से ही वाई प्लस की सुरक्षा दी जा रही है.
50 दिनों में यह दूसरी बार है जब अंबानी परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है. 15 अगस्त को, अस्पताल को इसी तरह की धमकी भरे फोन कॉल आए थे जिसके बाद मुंबई पुलिस को सूचित किया गया था.
पुलिस ने फोन करने वाले को गिरफ्तार कर लिया था. आज फिर धमकी मिलने के बाद अस्पताल और परिवार की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
