चार बार मिस्टर इंडिया का खिताब जीत चुके 43 वर्षीय बॉडी बिल्डर का निधन
मुंबई | चार बार ‘मिस्टर इंडिया’ खिताब जीत चुके, देश के जाने-माने बॉडी बिल्डर आशीष साखरकर का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है. उन्होंने मंगलवार देर रात अंतिम सांस की. वो महज 43 वर्ष के थे.
घटना की पुष्टि करते हुए इंडियन बॉडी बिल्डर्स फेडरेशन की महासचिव (मिस) हीरल शेठ ने आईएएनएस को बताया कि परेल (मुंबई) निवासी 43 वर्षीय साखरकर कुछ स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थे और उन्हें एक सप्ताह पहले दक्षिण मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
उन्होंने बताया कि साखरकर ने कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार जीते थे और उन्हें महाराष्ट्र सरकार के शिव छत्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था. उनके परिवार में पत्नी और एक बेटा है.
साखरकर का अंतिम संस्कार आज शाम किया जाएगा, जिसका विवरण तुरंत उपलब्ध नहीं है.
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने देश को प्रसिद्धि दिलाने वाले साखरकर के निधन पर शोक व्यक्त किया है और कहा कि उनके निधन से बॉडी-बिल्डिंग बिरादरी को अपूरणीय क्षति हुई है.
शिव सेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने साखरकर के निधन पर दुख व्यक्त किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
