“बृज भूषण ने इलाज का खर्च उठाने के एवज में यौन संबंध बनाने को कहा था” : चार्जशीट में बड़ा खुलासा
फोटो: आईएएनएस
नई दिल्ली | भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व प्रमुख बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ दाखिल चार्जशीट से चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं.
सूत्रों के मुताबिक, एक महिला पहलवान ने आरोप लगाया है कि बृज भूषण ने उसका मेडिकल खर्च वहन करने के बदले में यौन संबंध बनाने को कहा था.
महिला पहलवान के अनुसार, सिंह ने उससे कहा था कि वह उसकी चोट के इलाज पर आने वाले खर्च को वहन करेंगे. इसके बदले उन्होंने यौन संबंध बनाने की मांग की थी.
1,600 पन्नों की चार्जशीट राउज़ एवेन्यू डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के समक्ष पेश की गई है. इसी कोर्ट में मामले की सुनवाई हो रही है.
इस चार्जशीट में सीआरपीसी की धारा 164 के तहत दी गई शिकायतकर्ता की गवाही शामिल है.
शिकायतकर्ता ने अपने बयान में आपबीती बताई है.
शिकायतकर्ताओं में से एक, जिसे आरोपपत्र में “पहलवान नंबर 2” लिखा गया है, ने खुलासा किया कि फाइनल में प्रतिस्पर्धा करने के बाद भारत लौटने पर बृज भूषण सिंह ने उसे अशोक रोड पर कुश्ती महासंघ के कार्यालय में बुलाया था.
महिला पहलवान ने दावा किया कि बृज भूषण ने कुश्ती से संबंधित चोट के इलाज के लिए चिकित्सा खर्च वहन करने की बात तो मान ली, मगर यौन कृत्यों में शामिल होने की शर्त लगा दी. हालांकि, महिला पहलवान ने इस शर्त को मानने से इनकार कर दिया था.
एक अन्य शिकायतकर्ता, जिसकी पहचान आरोपपत्र में “पहलवान नंबर 6” के रूप में की गई है, ने सिंह पर प्रोटीन की खुराक देने के बदले यौन संबंध बनाने का प्रस्ताव रखने का आरोप लगाया है.
शिकायतकर्ताओं ने अपनी गवाही में आगे कहा कि सिंह और उनके करीबी सहयोगियों ने घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दौरों के दौरान उनके साथ विभिन्न तरीकों से यौन शोषण किया.
इसके अलावा, उन्होंने दावा किया कि सिंह कारण बताओ नोटिस जारी कर धमकियां देते थे और अपनी बात मानने के लिए मजबूर करते थे.
सिंह ने 6 मई, 2023 को एनपीएल किंग्सवे कैंप में जांच के दौरान अपने आधिकारिक आवास, जहां कुश्ती महासंघ का ऑफिस भी है, में महिला पहलवानों से अकेले में मिलने की बात को सिरे से नकार दिया था.
सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविरों के दौरान कोई अनुचित व्यवहार नहीं हुआ, क्योंकि पूरे क्षेत्र की सीसीटीवी कैमरे लगे थे और उसके माध्यम से निगरानी की जा रही थी.
By IANS
