माफियाओं की जमीन पर गरीबों के लिए घर बनाएगी सरकार : योगी आदित्यनाथ

Yogi Adityanath (2)
The Hindi Post

देवरिया/जौनपुर | उत्तरप्रदेश के माफियाओं से खाली कराई जा रही जमीन पर सरकार गरीबों के लिए घर बनाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देवरिया की जनसभा से गरीबों के लिए ये बड़ा एलान किया। शनिवार को देवरिया और मल्हनी विधान सभा क्षेत्र की जनसभा के मंच से मुख्यमंत्री योगी ने सपा और बसपा पर भी जमकर हमला बोला।

योगी ने कहा, “अवैध तरीके से जुटाई गई माफियाओं की हर संपत्ति सरकार जब्त करेगी। व्यापारियों और उद्यमियों की जिन जमीनों पर पिछली सरकारों के समर्थन से गुंडों ने कब्जा कर लिया था, उसे मुक्त कराने के बाद व्यापारियों, उद्यमियों को वापस किया जाएगा । गुंडों के कब्जे से मुक्त कराई जा रही शेष जमीनों पर सरकार उन गरीबों के लिए आवास बनाएगी, जिनके पास रहने के लिए घर नहीं है। समाजवादी पार्टी प्रदेश में दंगे और अराजकता कराने के लिए गुंडों की नई श्रृंखला तैयार कर रही है, लेकिन भाजपा की सरकार में ऐसा संभव नहीं है।”

उन्होंने कहा, “दंगे की साजिश रचने वालों को जेल भेजेंगे। गुंडों और दंगाइयों के लिए उत्तर प्रदेश में कोई जगह नहीं है।”

योगी ने जनसभा के मंच से लव जेहाद पर भी चेतावनी दी । शादी के लिए धर्म बदलने को गलत ठहराने के हाईकोर्ट के फैसले का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “लव जेहाद नहीं चलने देंगे। लव जेहाद पर सरकार बहुत जल्द नया और प्रभावी कानून बनाने जा रही है । छद्म नाम और वेष बदल कर बेटियों के साथ छल करने वालों से सख्ती से निपटेंगे।”

विज्ञापन
विज्ञापन

योगी ने कहा, “सपा, बसपा और कांग्रेस के लिए परिवार और पार्टी ही देश और समाज है। कोरोना काल में भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमने जनता की सेवा की। दूसरे राज्यों में संघर्ष कर रहे मजदूरों को घर तक पहुंचाने का काम किया। उनके भोजन की व्यवस्था की। सभी वर्गों को भरण पोषण भत्ता दिया गया।”

उन्होंने कहा, “सरकार की योजनाओं का लाभ देश के गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं तक पहुंचाने का काम किया, लेकिन तुष्टिकरण नहीं किया। प्रदेश में निवेश का माहौल बनाया। अब बड़ी संख्या में कंपनियां आ रही हैं। लोगों को रोजगार और व्यापार मिल रहा है। सपा,बसपा अपने लिए जी रहे थे। सपा की सहानुभूति माफियाओं के साथ है और हमारी सहानुभूति जनता से। इसी लिए, हम गुंडों की संपत्ति पर बुलडोजर चलवा रहे हैं।”

योगी ने कहा, “अपराधियों से सहानुभूति रखने वाली पार्टियों को समर्थन नहीं मिलना चाहिए। सपा गुंडों की नई श्रृंखला बना रही है, ताकि दंगे कराए जा सकें, लेकिन सरकार ऐसा नहीं होने देगी। राज्य सरकार मिशन शक्ति के जरिये बेटियों के अपराधियों को जेल भेजने के साथ ही उनके पोस्टर चौराहों पर लगा रही है।”

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!