शादीशुदा महिला से इश्क लड़ा रहा था युवक, पति और नाबालिग लड़के ने दी दर्दनाक मौत

dead ians (1) (1)

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

शादीशुदा महिला से इश्क लड़ा रहा था युवक, पति और नाबालिग लड़के ने दी दर्दनाक मौत

 

जशपुर | छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोप है कि महिला के पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को मौत के घाट उतार दिया.

पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जामजुनवानी का है. मृतक की पहचान 34 वर्षीय सुशील खलखो के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सुशील का गांव की एक विवाहित महिला के साथ पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था. इस रिश्ते को लेकर महिला का पति लगातार विरोध कर रहा था और दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था.

जानकारी के मुताबिक, इस विवाद को लेकर गांव में सामाजिक बैठक भी हुई थी लेकिन मामला शांत नहीं हो सका.

पुलिस के अनुसार, बीती रात करीब 11 बजे सुशील खलखो अपने घर के आंगन में मौजूद था. तभी आरोपी जयलाल एक्का, जसमन एक्का और एक नाबालिग वहां पहुंचे. आरोपियों ने पहले सुशील के साथ मारपीट की और फिर उसके सिर पर भारी पत्थर पटक दिया. गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया, ‘प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या की गई है. मामले में नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आगे की जांच जारी है.’

पुलिस पूछताछ में आरोपी जयलाल एक्का ने बताया कि उसकी पत्नी और मृतक के बीच लंबे समय से संबंध थे. कई बार समझाने के बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ जिससे नाराज होकर उसने साथियों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया.

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है. वहीं, इस सनसनीखेज हत्या के बाद गांव में दहशत का माहौल है.

IANS

छत्तीसगढ़: प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या, नाबालिग समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!