27 जिलों में तेजी से बढ़ा कोविड संक्रमण, केंद्र ने राज्यों को चेताया, जारी किये दिशानिर्देश

COVID 4 IANS

फाइल फोटो (आईएएनएस)

The Hindi Post

नई दिल्ली | केंद्र सरकार ने राज्यों को बताया है कि पिछले दो हफ्तों में 27 जिलों ने कोविड-19 की पॉजिटिविटी रेट में वृद्धि दर्ज की है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है। केंद्र ने स्पष्ट किया कि महामारी के खिलाफ लड़ाई में देश गंभीर रूप से एकजुट होकर खड़ा है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों को लिखे अपने पत्र में खासतौर पर 27 जिलों में कोविड के प्रकोप को लेकर चेताया है।

कोविड संक्रमण एक बार फिर से बेकाबू हो रहा है। आलम यह है कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 27 जिलों में पिछले दो सप्ताह में संक्रमण दर में उछाल देखने को मिला है। पत्र में कहा गया है कि कई जिले तो ऐसे हैं, जहां पर संक्रमण दर 10 प्रतिशत से भी ऊपर पहुंच गई है, वहीं अन्य जिलों में यह पांच से दस प्रतिशत के बीच है।

विज्ञापन
विज्ञापन

पत्र में अधिक संक्रमण दर वाले 27 जिलों पर नजर बनाए रखने को कहा गया है। इस पत्र में केंद्र की ओर से कई दिशा निर्देश दिए गए हैं।

पत्र में कहा गया है, “सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 19 जिलों में पिछले दो हफ्तों में 5 प्रतिशत से 10 प्रतिशत के बीच पॉजिटिविटी रेट दर्ज की गई है। इस प्रकार, इन 27 जिलों पर कड़ी निगरानी रखने की आवश्यकता है।”

पत्र के अनुसार, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, जिला स्तर के उपायों के साथ स्थिति पर कड़ी नजर रखना अनिवार्य है।

पत्र में कहा गया है कि किसी भी जिले में कोविड के मामलों में वृद्धि या पॉजिटिविटी रेट में वृद्धि दर्ज किए जाने के बाद स्थानीय स्तर पर नियंत्रण शुरू किया जाना चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

पत्र में कहा गया है कि जिन जिलों में संक्रमण दर बेकाबू हो रही है, उन इलाकों को चयनित कर वहां पर कोविड से बचाव के लिए कड़े कदम उठाने की आवश्यकता है। जरूरत पड़ने पर रात्रि कर्फ्यू, लोगों के इकट्ठा होने पर रोक, शादी या अन्य समारोह में भीड़ पर पाबंदी लगाने को भी कहा गया है।

इसके अलावा राज्यों को आरटी पीसीआर जांच बढ़ाने पर ध्यान देने को कहा गया है। विदेश से आने वालों की निगरानी में कोई लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई है। संक्रमित मरीजों व उनके संपर्क में आने वालों की जांच व निगरानी करने को कहा गया है।

इसके साथ ही राज्यों को कोविड सतर्कता नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश जारी करने को कहा गया है।

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!