ब्रिक्स देशों ने नई दिल्ली घोषणा को सर्वसम्मति से दी मंजूरी, पीएम मोदी ने जारी किए 2 डाक टिकट

MODI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान दिल्ली घोषणा को अपनाने का प्रस्ताव रखा गया। / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

ब्रिक्स देशों ने नई दिल्ली घोषणा को सर्वसम्मति से दी मंजूरी, पीएम मोदी ने जारी किए 2 डाक टिकट

 

नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान दिल्ली घोषणा को अपनाने का प्रस्ताव रखा गया. इसे सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया गया. इसके साथ ही पीएम ने समूह की स्थापना के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दो डाक टिकट जारी किए.

नई दिल्ली घोषणा का प्रस्ताव रखते हुए पीएम मोदी ने कहा, “किसी भी सदस्य ने कोई आपत्ति नहीं जताई है. नई दिल्ली घोषणा-2026 को सर्वसम्मति से मंजूरी दी जाती है.”

अपने समापन संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, “हमने इस बात पर विशेष बल दिया है कि भविष्य की तकनीक और उसके नियमन में ‘ग्लोबल साउथ’ की समान हिस्सेदारी होनी चाहिए. फैसलों और उनके जमीनी नतीजों के बीच की दूरी को पाटने के लिए हमें मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और सामूहिक प्रयासों के साथ आगे बढ़ना होगा. आज सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया नई दिल्ली घोषणापत्र हमारे साझा संकल्पों को एक स्पष्ट दिशा देता है.”

पीएम मोदी ने कहा कि सदस्य देशों के विचार भले ही अलग हों लेकिन ब्रिक्स के तहत मिलकर काम करने का संकल्प स्पष्ट है. आज की बदलती दुनिया को पुराने ढर्रे वाले संस्थानों के सहारे नहीं चलाया जा सकता इसलिए वैश्विक संस्थाओं में सभी को उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए और उनके कामकाज व नियम बनाने के तरीकों में सुधार जरूरी है. इसके साथ ही भविष्य की तकनीकों और मैन्युफैक्चरिंग में ‘ग्लोबल साउथ’ (विकासशील देशों) की पूरी भागीदारी होनी चाहिए. उन्होंने जोर देकर कहा कि ब्रिक्स देशों को अपने फैसलों को जमीन पर उतारकर ठोस नतीजे देने के लिए मिलकर काम करना होगा.

उन्होंने कहा कि आज अपनाई गई नई दिल्ली घोषणा ब्रिक्स के आगे बढ़ने की दिशा साफ करती है. अब इन फैसलों को जमीन पर उतारकर ठोस नतीजे देने की जिम्मेदारी सभी देशों की है. निर्णयों और परिणामों के बीच दूरी को दूर करने के लिए साझेदारी और जिम्मेदारी से काम करना होगा. हमारी जिम्मेदारी है कि इन निर्णयों को परिणामों में बदलें.

 

By IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!