बांग्लादेश से तैरकर भारत आई लड़की, अपने बॉयफ्रेंड से शादी की, पुलिस ने किया गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर (फोटो: हिंदी पोस्ट)
क्या आपने कभी प्यार में ऐसी दीवानगी देखी है कि एक लड़की नदी तैर कर अपने प्रेमी से मिलने दूसरे देश आ पहुंचे और फिर दोनों शादी कर ले. शायद ही आपने पहले कभी ऐसा सुना हो.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बांग्लादेश की निवासी कृष्णा मंडल (22) को भारत के अभिषेक मंडल से प्यार हो गया. दोनों की दोस्ती की शुरुआत सोशल मीडिया से हुई. जल्द ही दोस्ती प्यार में बदल गई. रिश्ता इतना मजबूत हो गया कि कृष्णा ने यह बड़ा कदम उठा डाला. जानवरों से भरी सुंदरबन डेल्टा को पार करके कृष्णा भारत आ पहुंची. उसकी यह यात्रा खतरे से भरी थी और उसकी जान पर बन आ सकती थी. पर कृष्णा ने इसकी परवाह नहीं की.

जब अभिषेक चाह कर भी बांग्लादेश नहीं जा पाया तो कृष्णा ने भारत आने की सोची. कृष्ण के पास पासपोर्ट नहीं था. इसलिए उसने नदी के रास्ते से आने की सोची. कृष्णा ने भारत आने के लिए सुंदरबन डेल्टा पार करने की ठानी. कृष्णा को नदी में एक घंटे तक तैरना पड़ा तब कही जाकर वह भारत पहुंच पाई.
भारत आकर कृष्णा और अभिषेक ने काली मंदिर, कोलकाता में पिछले हफ्ते शादी कर ली. जब पुलिस को इस बात का पता चला तो उनके होश उड़ गए क्योंकि कृष्णा के पास भारत आने के लिए ज़रूरी दस्तावेज नहीं थे. इसलिए पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया. अब उसको बांग्लादेश वापस भेजने की तैयारी है. पुलिस ने कहा कि कृष्णा के पास जरूरी दस्तावेज नहीं है. इस तरह से सीमा पार कर भारत आने से उसने नियमों का उल्लंघन कर दिया. वो अवैध तरह से भारत में प्रवेश करने की दोषी है. इसलिए उसको गिरफ्तार किया गया. सूत्रों के अनुसार, कृष्णा को बांग्लादेश को वापस सौंपा जायेगा.

आपको बताते चले कि सुंदरबन का क्षेत्र 10,000 वर्ग किलोमीटर में भारत और बांग्लादेश में फैला है. सुंदरबन में कई तरह के मैन्ग्रोव जंगल है. जब कृष्णा सुंदरबन डेल्टा को पार करके भारत आ रही थी तो उसको बंगाल टाइगर और घड़ियालों से खतरा था. पर उसपर दीवानगी इस कदर हावी थी कि वह इस खतरे को भी नज़रअंदाज कर गई.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे
