अयोध्या: रेप पीड़िता से मिलने के बाद फफक-फफक कर रो पड़े संजय निषाद, VIDEO

Sanjay Nishad 3 (1) (1)
The Hindi Post

अयोध्या | अयोध्या में 12 साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद शनिवार को अयोध्या जिला महिला अस्पताल पहुंचे. यहां पहुंच कर उन्होंने पीड़िता का हालचाल जान कर आरोपी के लिए फांसी की सजा की मांग की.

इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए संजय निषाद फफक कर रो पड़े.

उन्होंने पत्रकारों से बात करने के दौरान रोते हुए कहा कि अखिलेश यादव का ‘पीडीए’ झूठ है. मैं निषाद समुदाय का प्रतिनिधित्व करता हूं. वह महिला अनुसूचित जाति की है. महिलाएं हमारे देश में पूजनीय हैं. उनके साथ अत्याचार होने पर, पीडीए का नारा देने वालों,अयोध्या में जीत पर पीठ थपथपाने वालों के लिए मुझे लगता है कि इन अपराधियों के सहारे उनकी जीत हुई है.

आगे समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाते हुए वो कहते हैं कि अपराधियों को सजा देने के मामले में सपा और कांग्रेस का मुंह नहीं खुल रहा है. वह अपराधी को बचा रहे हैं. वह न तो उसे पार्टी से निकाल रहे हैं और न ही उसके खिलाफ कोई बयान दे रहे हैं. सुल्तानपुर और संत कबीरनगर जिलों में निषाद समुदाय ने अपना एक वकील एससी समुदाय की आवाज उठाने के लिए भेजा है.

निषाद पार्टी कार्यकर्ता को सपा की तरफ कर लेने का आरोप लगाते हुए संजय निषाद ने कहा, “मैंने सदन में भी पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाई. आज हमारे निषाद समाज के लोग पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए लड़ रहे हैं. जब तक दरिंदे को फांसी पर नहीं लटका देंगे तब तक मैं और मेरा समाज पीड़िता के लिए लड़ता रहेगा. मैं मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद दूंगा कि उन्होंने मेरी आवाज को सदन की आवाज बना दिया.”

आगे वह भावुक होकर फफक-फफक कर रोते हुए बोले, “मैं अब इस मामले में काम करता रहूंगा और यह देखूंगा कि कैसे अपने समाज को सुरक्षा दे सकता हूं. मैं सभी पार्टियों से गुजारिश करूंगा कि अत्याचारी की कोई जाति नहीं होती. ऐसे अत्याचारियों का साथ न दें. समाजवादी पार्टी के कार्यालय के बाहर जा कर धरना दूंगा कि ऐसे अत्याचारियों का साथ देने वाले को पार्टी बाहर करे. 12 साल की बच्ची कहां जाएगी. किसको मुंह दिखाएगी. इसके अलावा मैं समाज से अपील करता हूं कि कार्रवाई में मेरा साथ दें.”

बता दें, कि सपा नेता मोईद खान और उसके नौकर पर पिछड़े वर्ग की 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने और ब्लैकमेलिंग का आरोप है. आरोपी मोईद खान फैजाबाद से सपा सांसद अवधेश प्रसाद का करीबी बताया जाता है.

इस मामले में योगी सरकार ने आरोपी मोईन खान की अवैध बेकरी पर बुलडोजर की कार्रवाई की है. जिला प्रशासन ने उसकी बेकरी पर बुलडोजर चला दिया है.

इससे पहले शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने आरोपी मोईद खान की बेकरी पर छापा मारा था. अधिकारियों ने बेकरी में बन रहे सामानों को जब्त कर इसे जांच के लिए भेज दिया था. वहीं, बेकरी को सील कर दिया गया है. बच्ची के साथ इसी बेकरी में गैंगरेप हुआ था.

Hindi Post Web Desk

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!