अतुल सुभाष के ससुराल वाले ताला लगाकर भागे, रात के अंधेरे में जाती दिखी सास
अतुल सुभाष की सास निशा सिंघानिया घर छोड़ कर जाती हुई
बेंगलुरु के एआई इंजीनियर अतुल सुभाष ने आत्महत्या करने से पहले अपनी पत्नी और ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया. इस मामले की तहकीकात करने के लिए बेंगलुरु पुलिस की एक टीम जौनपुर गई है. इसी बीच अब एक नया वीडियो सामने आया है. इसमें आरोपी पत्नी निकिता की मां और भाई चुपके से घर से बाहर निकलते हुए नजर आ रहे हैं. ठंड की वजह से निकिता की मां ने शॉल ओढ़ रखी है और उसका भाई स्वेटर पहने हुए है. कुछ ही देर बाद दोनों बाइक पर सवार होकर निकल जाते हैं.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, निकिता की मां ठंड से कांपती हुई दिखाई दे रही है और उसके हाथ आपस में बंधे हुए हैं. घर पर ताला लगाने के बाद में मां-बेटे दोनों मौके से भाग निकले. गली के रास्ते भागने की उनकी हरकत कैमरों में कैद हो गई है.
वह कोतवाली इलाके में खोया मंडी के पास मौजूद अपने घर से भागे. यहीं पर उनकी कपड़ों की दुकान भी है. जब उनको इस बात की भनक लगी कि पुलिस की टीम जौनपुर पहुंच गई है तो उन्होंने घर से निकलना ही सही समझा.
