फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में Apple की धमाकेदार एंट्री, लॉन्च हुआ ‘iPhone डुओ’, क्या ख़ास है इस फोन में ?
फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में Apple की धमाकेदार एंट्री, लॉन्च हुआ ‘iPhone डुओ’, क्या ख़ास है इस फोन में ?
नई दिल्ली | अमेरिकी दिग्गज टेक कंपनी एप्पल ने ‘आईफोन डुओ’ (iPhone Duo) को लॉन्च कर फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में आधिकारिक तौर पर कदम रख दिया है. भारत में इसकी कीमत 2,99,900 रुपये रखी गई है.
कंपनी इसके जरिए एक बड़े डिस्प्ले को अपने प्रीमियम आईफोन इकोसिस्टम के साथ जोड़कर उन यूज़र्स को आकर्षित करना चाहती है जो कंटेंट देखने, मल्टीटास्किंग और क्रिएटिविटी के नए अनुभव तलाश रहे हैं.
यह डिवाइस 23 अक्टूबर से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा. इसमें 7.6 इंच का इनर (अंदरूनी) डिस्प्ले और 5.4 इंच का आउटर (बाहरी) डिस्प्ले दिया गया है.
दोनों स्क्रीनों का आस्पेक्ट रेशियो एक समान है जिससे कंटेंट बिना किसी रुकावट या बदलाव के दोनों डिस्प्ले पर पूरी तरह फिट बैठता है.
कंपनी के अनुसार, इसके अंदरूनी डिस्प्ले पर नैनो-टेक्सचर फिनिश दी गई है जो चकाचौंध (ग्लेयर) को कम करती है और स्क्रीन की क्रीज (मुड़ने वाली सिलवट) को लगभग अदृश्य कर देती है.
आईफोन डुओ में एप्पल की नवीनतम A20 प्रो चिप का इस्तेमाल किया गया है. बेहतर परफॉर्मेंस के लिए इसमें एडवांस्ड थर्मल मैनेजमेंट सिस्टम, डुअल-बैटरी आर्किटेक्चर और एक नया कैमरा सेटअप दिया गया है.
कंपनी का दावा है कि इसका इनर डिस्प्ले 31 घंटे तक और आउटर डिस्प्ले 44 घंटे तक का वीडियो प्लेबैक बैकअप प्रदान करता है.
इसके अलावा, फोन में फोल्डेबल स्क्रीन के हिसाब से तैयार किए गए विशेष कैमरा फीचर्स जोड़े गए हैं जिनमें स्मार्ट टेक (Smart Take), डुओ प्रीव्यू (Duo Preview) और डुओ फेसटाइम (Duo FaceTime) शामिल हैं.
वहीं, नया iOS 27 यूज़र्स को स्प्लिट व्यू (Split View) और कई ऐप्स को सेव करने जैसी कई शानदार मल्टीटास्किंग सुविधाएं देता है.
एप्पल के सीईओ जॉन टर्नस ने कहा, “आईफोन डुओ अपने ओरिजिनल (पहला) मॉडल के बाद से आईफोन के इतिहास का सबसे बड़ा और क्रांतिकारी बदलाव है. पूरी तरह से नए डिजाइन और सहज यूजर-एक्सपीरियंस के साथ यह दिखाता है कि जब हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर को एक साथ तराशा जाता है तो क्या कुछ संभव हो सकता है. यह फोल्डेबल फोन के उपयोग के पूरे मायने ही बदल देता है.”
By IANS
