अखिलेश यादव की गाड़ी का कटा 8 लाख का चालान, भड़के Ex CM, बोले- “सरकार ……..”

Akhilesh Yadav 24 IANS (1) (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

लखनऊ | समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि सरकार सुविधा देने के बजाए उल्टा वसूली में लगी हुई है. उन्होंने दावा किया कि उनकी गाड़ी का ओवर स्पीडिंग के कारण आठ लाख रुपए का चालान कर दिया गया.

सपा मुखिया ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भाजपा के लोग पूरा सिस्टम चला रहे हैं. पुलिस पैसा वसूल रही है. सरकार की तरफ से जो गाड़ी हमें दी गई है वो चलने की हालत में नहीं है. मेरी गाड़ी का आगरा एक्सप्रेसवे पर ओवरस्पीडिंग के कारण आठ लाख रुपये का चालान कर दिया.

एबीवीपी पर हुए लाठी चार्ज को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि पिटाई का वीडियो देखकर दुख पहुंचा रहा है. यह परिषद और वाहिनी की लड़ाई है. उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा.

बलिया की भाजपा विधायक केतकी सिंह के टोटी चोर वाले बयान पर उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर टोटी चोर होने का आरोप लगाया गया, मेरे घर को गंगाजल से धुलवाया गया. भाजपा भले इस बात को भूल जाए लेकिन मैं नहीं भूल सकता. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरेआम इसके लिए मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि स्टिंग ऑपरेशन कराया गया, मैं इसे कभी नहीं भूलूंगा.

ओमप्रकाश राजभर के आवास पर हुए प्रदर्शन को लेकर व संजय निषाद के गठबंधन तोड़ने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि वह इस मामले में बोलकर वैल्यू नहीं बढ़ाना चाहते हैं. अन्यथा वो इसकी कीमत वसूल लेंगे. उन्होंने कहा कि उनके अंदर थोड़ा भी सम्मान बचा है तो विचार करें. इस दौरान अखिलेश ने चुटकी लेते हुए कहा कि पंचायती राज से हटकर पीडब्ल्यूडी ले लें.

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. आज से महज 493 दिन बचे हैं. यह ‘जुगाड़ आयोग’ के जरिए सारा काम करते हैं. नौकरी भाजपा के एजेंडे में नहीं है. ऐसा नहीं रहता तो 69,000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को आंदोलन नहीं करना पड़ता. स्कूल बंद नहीं करने पड़ते.

शिक्षक दिवस पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में समाजवादी सरकार बनने पर क्वालिटी ऑफ एजुकेशन और रोजगार पर फोकस करेंगे. मौजूदा सरकार समाज, शिक्षक, शिक्षा को बर्बाद कर रही है. सरकार लोगों को पढ़ने नहीं देना चाहती है.

सपा मुखिया अखिलेश ने जीएसटी की दरों में बदलाव पर कहा कि यह सब चुनाव को देखकर किया गया है. मुनाफाखोरी कम नहीं हो रही है. ट्रंप के टैरिफ ने भाजपा के लोगों के मुंह पर ताला लगा दिया है. मेक इन इंडिया की बात करने वाले लोग हमारे बाजारों में चीन का माल भर दे रहे हैं. चीन का सामान वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट को पूरी तरह खत्म कर देगा.

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!