अभिनेत्री रिया कुमारी की गोली मारकर हत्या, पति और बच्ची के सामने वारदात को दिया गया अंजाम

Riya Kumari (1)
The Hindi Post

रांची | झारखंड की क्षेत्रीय फिल्मों में काम करने वाली 22 वर्षीय अभिनेत्री रिया कुमारी उर्फ ईशा आलिया की रांची-कोलकाता हाईवे पर बुधवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह वारदात पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के बगनान में महिषरेखा पुल के पास सुबह लगभग छह बजे हुई. रिया अपने पति प्रकाश कुमार और तीन साल की पुत्री के साथ कार से कोलकाता जा रही थी. रिया के पति प्रकाश कुमार का कहना है कि उनकी पत्नी की हत्या लुटेरों ने की है.

लेकिन पुलिस को इस बात पर संदेह हैं. रिया के पति प्रकाश से पूछताछ की जा रही है. रिया कुमारी झारखंड में खोरठा और क्षेत्रीय भाषाओं के अलबम में इशा आलिया के नाम से काम करती थी. प्रकाश भी क्षेत्रीय भाषाओं में फिल्में और अलबम बनाते हैं.

प्रकाश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्ची के साथ कार से कोलकाता जा रहे थे. महिषरेखा पुल के पास उन्होंने गाड़ी रोकी तो तीन बदमाश वहां हथियार लहराते हुए पहुंच गए. उन्होंने उनसे लूटपाट की कोशिश की. दोनों ने जब इसका इसका विरोध किया तो एक बदमाश ने रिया पर गोली चला दी. वह वहीं गिर पड़ी.

शोर मचाने पर बदमाश भाग गए. इसके बाद उन्होंने थोड़ा आगे जाकर स्थानीय लोगों से मदद मांगी. स्थानीय लोगों ने ही पुलिस को सूचना दी. रिया को तुरंत उलुबेरिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इसके पहले ही उनकी मौत हो गई.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!