नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, जंगल में मिला था मासूम का सड़ा-गला शव, साइकिल से…..

Encounter Graphic

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)

The Hindi Post

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, जंगल में मिला था मासूम का सड़ा-गला शव, साइकिल से…..

 

कोलकाता | पश्चिम बंगाल के रायगंज में सोमवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में दिलीप रॉय नाम का आरोपी मारा गया. उस पर उत्तर दिनाजपुर में एक 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या करने का आरोप था.

पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की 3 नवंबर को साइकिल से घर से निकली थी जिसके बाद वह लापता हो गई. दो दिनों से अधिक समय तक उसकी तलाश की गई. इसके बाद 6 नवंबर को उसका अर्ध-विकृत शव पास के कुलिक जंगल से बरामद किया गया. परिजनों ने इस मामले में दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी.

शव बरामद होने के बाद से ही पुलिस आरोपी दिलीप रॉय की तलाश कर रही थी. इसी बीच रविवार और सोमवार की दरमियानी रात पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि आरोपी गौर ग्राम पंचायत इलाके में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सोमवार तड़के करीब तीन बजे वहां छापेमारी की.

पुलिस का दावा है कि जब टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश की तो उसने पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी. इसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया. बाद में उसकी मौत हो गई.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिहार सीमा के रास्ते किसी दूसरे राज्य में भागने की फिराक में था. उत्तर दिनाजपुर जिला बिहार की सीमा के काफी करीब है. नाबालिग के शव को रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है जहां सोमवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा.

पश्चिम बंगाल में इस साल जुलाई से अब तक पुलिस मुठभेड़ में यह चौथी मौत है. इनमें से तीन मामले नाबालिग लड़कियों के दुष्कर्म और हत्या से जुड़े हैं.

इससे पहले जुलाई में दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में छह वर्षीय बच्ची के दुष्कर्म और हत्या के आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी. पुलिस का दावा था कि अपराध का घटनाक्रम दोबारा समझने के लिए आरोपी को घटनास्थल पर ले जाया गया था जहां उसने पुलिसकर्मी की बंदूक छीनकर गोलीबारी की. जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया.

इसके बाद अक्टूबर में दक्षिण 24 परगना जिले के गायघाटा में 17 वर्षीय किशोरी के दुष्कर्म और हत्या के आरोपी प्रह्लाद दास की भी पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी. इस मामले में भी पुलिस ने दावा किया था कि घटनाक्रम दोहराने के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की थी.

इसी दिन मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के मामले में गिरफ्तार सामिउल शेख भी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था. रायगंज की ताजा घटना के साथ ही जुलाई से अब तक पश्चिम बंगाल में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए आरोपियों की संख्या चार हो गई है.

 

BY IANS

बंगाल: नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, बिहार सीमा से भागने की फिराक में था

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!