एक्सप्रेसस-वे पर भीषण हादसा, यूपी पुलिस के पांच जवानों की मौत

accident IANS 22334455 (1)
The Hindi Post

एक्सप्रेसस-वे पर भीषण हादसा, यूपी पुलिस के पांच जवानों की मौत

 

नूंह (हरियाणा) के पास कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ जिसमें पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. यह भीषण दुर्घटना तावडू क्षेत्र के धुलावट टोल प्लाजा के पास सुबह करीब 10 बजे घटी.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक स्कॉर्पियो कार पलवल की ओर जा रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ओवरटेक करने के प्रयास में वाहन की गति तेज थी जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सामने चल रहे एक अन्य वाहन से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांचों व्यक्तियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

तावडू सदर थाना प्रभारी शीशराम ने कहा कि हादसे का शिकार हुए सभी पांचों व्यक्ति उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान थे. ये सभी जवान यूपी के जालौन जिले में तैनात थे. दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में शव इस कदर फंस गए थे कि पुलिस और बचाव दल को उन्हें बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. प्रशासन ने इस संबंध में जालौन के पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर परिजनों को सूचित कर दिया है.

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना बताया जा रहा है. फिलहाल, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!