विकास दुबे का अंतिम संस्कार किया गया

हिंदी पोस्ट फोटो

The Hindi Post

कानपुर: पुलिस मुठभेड़ में मारे गए दुर्दांत अपराधी विकास दुबे का शुक्रवार को कानपुर नगर के भैरव घाट विद्युत शवदाह गृह में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

इससे पहले, डॉ. आरसी गुप्ता की देखरेख में विकास का पोस्टमार्टम किया गय। लम्बे इंतजार तक कोई रिश्तेदार उसका शव लेने नहीं आया लेकिन तभी पुलिस उसके किसी बहनोई को लेकर आई, जो एम्बुलेंस के साथ भैरव घाट पहुंचा।

भैरव घाट पर कई महिलाएं भी पहुंची थी। कहा जा रहा है कि पुलिस विकास की पत्नी और बेटे को भी लेकर आई थी। मां ने पोस्टमार्टम केंद्र पर आने से इंकार कर दिया था लेकिन वह भी अंतिम संस्कार के वक्त मौजूद रही। हालांकि परिवार के किसी सदस्य ने कोई बयान नहीं दिया। सबके चेहरे ढके हुए थे।

विकास का अंतिम संस्कार काफी फौरी तौर पर निपटा दिया गया क्योंकि विद्युत शवदाह गृह में उसके शव को जलाया गया। विकास को अंतिम मुखाग्नि उसके बहनोई ने दिया, जो चौबेपुर के शिवली गांव का बताया जा रहा है। बेटे ने मुखाग्नि क्यों नहीं दी, पुलिस ने भी इस बारे में कुछ नहीं कहा।

पुलिस द्वारा बताया जा रहा है कि दुबे को उत्तर प्रदेश पुलिस ने शुक्रवार सुबह कानपुर के पास एक मुठभेड़ में मार गिराया। जब यह मुठभेड़ हुई तब उत्तर प्रदेश पुलिस कुख्यात अपराधी दुबे को मध्य प्रदेश के उज्जैन से लेकर आ रही थी, जहां उसे गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने बताया कि जब उसे कानपुर लेकर जाया जा रहा था तो उनका वाहन सड़क पर पलट गया, जिसके बाद दुबे ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की और इसी दौरान उसे गोली मारी गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!