विकास दुबे का पोस्टमार्टम हुआ, डेड बॉडी लेने अब तक कोई सगा-संबंधी नहीं आया

Vikas Arrested July 9

विकास दुबे (फाइल फोटो )

The Hindi Post

कानपुर | पुलिस मुठभेड़ में मारे गए दुर्दांत अपराधी विकास दुबे का शुक्रवार को कानपुर नगर पोस्टमार्टम केंद्र में पोस्टमार्टम कर दिया गया लेकिन अब तक कोई सगा-संबंधी उसकी डेड बॉडी लेने नहीं पहुंचा है।

पुलिस द्वारा बताया जा रहा है कि दुबे को उत्तर प्रदेश पुलिस ने शुक्रवार सुबह कानपुर के पास एक मुठभेड़ में मार गिराया। जब यह मुठभेड़ हुई तब उत्तर प्रदेश पुलिस कुख्यात अपराधी दुबे को मध्य प्रदेश के उज्जैन से लेकर आ रही थी, जहां उसे गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने बताया कि जब उसे कानपुर लेकर जाया जा रहा था तो उनका वाहन सड़क पर पलट गया, जिसके बाद दुबे ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की और इसी दौरान उसे गोली मारी गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम केंद्र पर मौजूद आईएएनएस संवाददाता को वहीं तैनात एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि डॉ. आरसी गुप्ता की देखरेख में विकास का पोस्टमार्टम कर दिया गया है लेकिन अब तक उसका कोई सगा-संबंधी शव लेने के लिए आगे नहीं आया है।

नियमों के मुताबिक जो लोग शव लेने आते हैं, उनकी हाजिरी होती है लेकिन विकास की ओर से अब तक कोई हाजिरी नहीं दे सका है।

पुलिस हालांकि कह रही कोई ना कोई बॉडी तो लेने आएगा, पर कब आएगा, कहां आएगा और अंतिम संस्कार कहां होगा, यह अभी तक नहीं साफ नहीं है।

विकास की मां ने भी अपने अपराधी बेटे का शव लेने से इंकार कर दिया है। विकास की मां ने तो कानपुर आने से ही इंकार कर दिया है। वह अभी भी लखनऊ में ही है।वह बेटे के एनकाउंटर के बाद मीडिया के सामने भी नहीं आई।

वहीं दूसरी ओर, अपराधी विकास के दाह-संस्कार के लिए समाज कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष धनी राम पैंथर आगे आए हैं। अब तक करीब 8500 लावारिस शवों का दाह-संस्कार करा चुके पैंथर ने आईएएनएस से कहा कि अगर उसका कोई परिजन शव को लेने नहीं आता है हमारी संस्था विकास का दाह-संस्कार करेगी। लेकिन इसके लिए शासन-प्रशासन की इजाजत चाहिए होगी।

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!