सरकारी नौकरी की खुशी में मंदिर जा रहा था परिवार, सड़क हादसे में 13 मौतों ने उजाड़ दिया पूरा घर
रामगढ़ | पत्नी की सरकारी स्कूल में शिक्षिका के पद पर नौकरी लगने की खुशी परिवार के लिए किसी उत्सव से कम नहीं थी. इसी खुशी और आस्था के साथ पूरा परिवार मां छिन्नमस्तिका के दर्शन के लिए रजरप्पा जा रहा था लेकिन रास्ते में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर पैंकी के पास शनिवार देर रात हुए इस हादसे में एक ही परिवार के सदस्यों समेत 13 लोगों की मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव के 14 लोग स्कॉर्पियो से रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर जा रहे थे. तभी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसका रामगढ़ सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है.
मृतकों की पहचान जंघारो निवासी और मां सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के निदेशक विवेकानंद कुमार (40), उनकी नव-नियुक्त शिक्षिका पत्नी अमृता देवी (35), बेटी सोनाली कुमारी (16), बेटे शुभम कुमार (12) और छोटे बेटे अमन, मां प्रमिला देवी (65), भाई चंदन (22), सिंटू कुमार (25) और राजेश (23), बहन किरण कुमारी, किरण के पति व बेटे तथा वाहन चालक नंदन कुमार के रूप में हुई है. एक साथ परिवार के इतने सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
इस भीषण हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “रामगढ़ में पैंकी गांव के पास एनएच-33 पर हुई सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है. इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं हैं. मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति दें. दुर्घटना में घायल व्यक्ति का समुचित उपचार कराया जा रहा है.”
IANS
रांची : सरकारी नौकरी की खुशी में मंदिर जा रहा था परिवार, सड़क हादसे में 13 मौतों ने उजाड़ दिया पूरा घर



















