उमर खालिद और शरजील इमाम की अंतरिम जमानत की अपील पर सुप्रीम कोर्ट ने क्या फैसला दिया ?
नई दिल्ली | सुप्रीम कोर्ट ने 2020 के दिल्ली दंगों की साजिश के मामले में आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम को अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया है. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने कहा कि अंतरिम राहत पर विचार करने से पहले दूसरे पक्ष (दिल्ली पुलिस) की दलील सुनी जाएगी.
इसके साथ ही कोर्ट ने दोनों की जमानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है. साथ ही तीन जजों की बेंच गठित करने के लिए मामले को प्रशासनिक स्तर पर मुख्य न्यायाधीश के समक्ष रखने का निर्देश दिया.
इससे पहले सुनवाई के दौरान उमर खालिद के वकील कपिल सिब्बल ने दोनों (शरजील इमाम और उमर खालिद) के छह साल से अधिक समय से जेल में होने का हवाला देते हुए जल्द अंतरिम जमानत का आग्रह किया था. यह मामला यूएपीए के तहत लंबी हिरासत और जमानत से जुड़े पिछले फैसलों (‘गुलफिशा फातिमा’, ‘केए नजीब’ और ‘सैयद इफ्तिखार अंद्राबी बनाम एनआईए’) में दिख रहे कानूनी विरोधाभासों को सुलझाने के लिए बड़ी बेंच को भेजा जा रहा है.
इससे पहले 22 मई को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की बेंच ने इसी आधार पर सह-आरोपी तस्लीम अहमद और खालिद सैफी को छह महीने की अंतरिम जमानत देते हुए मामला बड़ी बेंच को रेफर किया था.
हिंदी पोस्ट डॉट इन (इनपुट्स: आईएएनएस)



















