“मैं नहीं मिल पाऊंगा…”, कैमरे पर बोले मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, विपक्षी सांसदों ने मिलने का किया था अनुरोध
फोटो: आईएएनएस
“मैं नहीं मिल पाऊंगा…”, कैमरे पर बोले मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, विपक्षी सांसदों ने मिलने का किया था अनुरोध
नई दिल्ली | भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने सोमवार को कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं. उन्होंने कहा कि अदालत कानून के अनुसार शिकायतों की सुनवाई करती है जिससे यह सुनिश्चित होता है कि राहत के हकदार लोगों को न्याय मिले.
सीजेआई का यह बयान ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के नेताओं की ओर से उनसे मिलने के लिए किए गए अनुरोध के बाद सामने आया है.
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीजेआई सूर्य कांत ने कहा, “मुझे कल उनका पत्र मिला और मैंने कल रात ही उसका जवाब दे दिया. पत्र पर परसों की तारीख थी लेकिन मैं बाहर था, इसलिए मुझे यह कल मिला. मैंने अपने जवाब में कुछ कारण बताए हैं और उनसे मिलने में असमर्थता जताई है. मैं आपसे अनुरोध करूंगा कि पत्र के विवरण के बारे में आप उनसे ही पूछें. मैंने इसकी गोपनीयता बनाए रखी है.”
उन्होंने आगे कहा, “सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं. कोई भी याचिका दायर कर सकता है, चाहे वह एक सामान्य नागरिक हो या किसी निर्वाचित निकाय का सदस्य. भारत के हर नागरिक को हमारे पास आने का अधिकार है. हम कानून के तहत उनकी शिकायतों को सुनेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि जो राहत के हकदार हैं, उन्हें वो मिले.”
ध्रुव राठी का आरोप: सुबह-सुबह घर में घुसे 20 लोग, फिर क्या हुआ?,
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट किया था कि विपक्षी नेता जिन मुद्दों को उठाना चाहते हैं, वे पहले से ही विचाराधीन हैं और उन पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है.
मुख्य न्यायाधीश द्वारा मुलाकात से इनकार के बावजूद ‘इंडिया’ गठबंधन के सोमवार को प्रस्तावित मार्च के कार्यक्रम के जारी रहने की संभावना है. यह प्रदर्शन विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शनों की कड़ी का हिस्सा है जो अन्य मुद्दों के अलावा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का कहना है कि यह प्रस्तावित मार्च “किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि सभी भारतीयों का है.” कांग्रेस नेता इस अभियान को बड़ा रूप देकर मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ-साथ केंद्र की मोदी सरकार पर चौतरफा दबाव बनाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि सरकार को एसआईआर (SIR) की प्रक्रिया से फायदा हुआ है. यही बात विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच विवाद का मुख्य बिंदु बन गया है.
‘इंडिया’ गठबंधन ने बीते हफ्ते के शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक मांग पत्र सौंपा था जिसमें चुनावी सुधारों और कथित वोट हेराफेरी से जुड़ी चार प्रमुख मांगों को रेखांकित किया गया था.
By IANS
‘सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले’, सीजेआई सूर्यकांत ने इंडिया ब्लॉक से न मिलने की बताई वजह
