सीजेपी प्रोटेस्ट में शामिल होने से पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी को पुलिस ने हिरासत में लिया

Dhruv Rathee IANS (1)
The Hindi Post

सीजेपी प्रोटेस्ट में शामिल होने से पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी को पुलिस ने हिरासत में लिया

 

गुरुग्राम/नई दिल्ली । यूट्यूबर ध्रुव राठी को शनिवार सुबह उनके गुरुग्राम स्थित आवास से पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। ध्रुव राठी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए दिल्ली आए थे।

इससे पहले शुक्रवार को ध्रुव राठी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया था कि सीजेपी के 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन से पहले दिल्ली में लगभग लॉकडाउन जैसी स्थिति बना दी गई है। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है।

शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में ध्रुव राठी ने विरोध प्रदर्शन से पहले राष्ट्रीय राजधानी में लगाई गई भारी सुरक्षा और परिवहन पाबंदियों पर सवाल उठाए थे। इनमें मेट्रो स्टेशनों को बंद करना, ट्रेनों को रद्द करना और मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करना शामिल है।

वीडियो में ध्रुव राठी ने कहा था, “कैसे हैं आप दोस्तों? मैं दिल्ली पहुंच गया हूं। यहां मैंने देखा कि 50 से ज्यादा मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। ट्रेनें बंद कर दी गई हैं। बसें रद्द कर दी गई हैं। और हमारे विरोध प्रदर्शन के कारण वे लगभग दिल्ली को लॉकडाउन में डाल रहे हैं।” ध्रुव राठी ने कहा कि भाजपा से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स दावा कर रहे हैं कि विरोध प्रदर्शन में बहुत कम भीड़ आएगी।

इससे पहले बेंगलुरु में एसआईआर के खिलाफ हुए प्रदर्शन में शामिल होने के बाद यूट्यूबर ध्रुव राठी की नागरिकता और वीजा को लेकर सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी और बेंगलुरु के पूर्व पुलिस कमिश्नर भास्कर राव ने 9 अक्टूबर को केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखकर ध्रुव राठी की नागरिकता, वीजा और इमिग्रेशन स्टेटस की जांच की मांग की थी।

भास्कर राव ने अपने पत्र में कहा था कि ध्रुव राठी ने 8 अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में एसआईआर यानी वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ आयोजित प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। इस दौरान उनके साथ अभिनेता-एक्टिविस्ट प्रकाश राज और अन्य लोग भी मौजूद थे। प्रदर्शन के दौरान ध्रुव राठी ने चुनाव आयोग की आलोचना करते हुए एसआईआर प्रक्रिया में ‘जीरो ट्रांसपेरेंसी और जीरो जवाबदेही’ का आरोप लगाया था।

पूर्व आईपीएस अधिकारी ने अपने पत्र में कहा था कि समझा जाता है कि ध्रुव राठी के पास जर्मन नागरिकता है। इसलिए उन्होंने उनके पासपोर्ट, वीजा की कैटेगरी, भारत आने के उद्देश्य, रहने की अधिकृत अवधि और इमिग्रेशन कानूनों के पालन की जांच की मांग की है।

IANS

सीजेपी प्रोटेस्ट में शामिल होने से पहले गुरुग्राम में यूट्यूबर ध्रुव राठी को पुलिस ने हिरासत में लिया

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!