चुनाव से पहले तेज हुई सियासी हलचल! दिल्ली में राहुल गांधी से मिला यूपी का यह दिग्गज नेता…, किए बड़े ऐलान

rahul gandhi 2131 ians (1) (1)
The Hindi Post

चुनाव से पहले तेज हुई सियासी हलचल! दिल्ली में राहुल गांधी से मिला यूपी का यह दिग्गज नेता…, किए बड़े ऐलान

 

नई दिल्ली | उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की. मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य और कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने गठबंधन, उत्तर प्रदेश में नेतृत्व और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बातचीत की जानकारी दी. स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी का कांग्रेस में विलय करने का फिलहाल कोई सवाल नहीं है लेकिन उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन के हिस्से के रूप में कांग्रेस के साथ चुनाव लड़ेगी.

स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश और उत्तर प्रदेश में जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार विफल रही है. उन्होंने बेरोजगारी, सरकारी नौकरियों में भर्ती, आउटसोर्सिंग, आरक्षण, गरीबी और सरकारी स्कूलों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में भर्ती बंद होने से एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के आरक्षण पर भी असर पड़ा है.

उन्होंने कहा कि वह पहले से ही प्रदेश में संघर्ष कर रहे हैं, जबकि राहुल गांधी देश स्तर पर बड़े मुद्दों को उठा रहे हैं. दोनों पक्षों का संघर्ष और विचारधारा समान है इसलिए राहुल गांधी के साथ हुई पहली बैठक सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ी है.

कांग्रेस में विलय के सवाल पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश में अपना संघर्ष कर रही है इसलिए मर्जर का सवाल नहीं उठता. इंडिया गठबंधन के हिस्से के तौर पर उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ चुनाव लड़ेगी.

सीटों की संख्या को लेकर उन्होंने कहा कि इस संबंध में आगे बातचीत होगी और अभी कोई संख्या बताना जल्दबाजी होगी. उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराने के लिए विपक्षी दलों को साथ आना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के खिलाफ अत्याचार बढ़े हैं और जाति-धर्म के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश हो रही है.

यूपी के पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

वहीं, कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी को देश का चेहरा बताते हुए उनके साथ मिलकर इंडिया गठबंधन को मजबूत करने की इच्छा जताई है. यूपी में स्वामी प्रसाद मौर्य कांग्रेस के साथ खड़े रहेंगे और उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन में शामिल रहेगी. 2027 के विधानसभा चुनाव में स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी. भविष्य में पार्टी के कांग्रेस में विलय का फैसला स्वामी प्रसाद मौर्य को करना है.

इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस अपने पुराने सामाजिक आधार को फिर से जोड़ रही है. उन्होंने कहा कि दलित, मुस्लिम, ब्राह्मण, अति पिछड़ा वर्ग, गरीब और मजदूर वर्ग के लोग कांग्रेस की ओर आ रहे हैं और कांग्रेस को वह उम्मीद के रूप में देख रहे हैं.

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय के कार्यकाल पर उन्होंने कहा कि अलग-अलग समय में अलग-अलग नेताओं ने संगठन के लिए काम किया है. उन्होंने निर्मल खत्री, रीता बहुगुणा जोशी, प्रियंका गांधी, अजय राय और तत्कालीन प्रदेश प्रभारी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन में पदों पर बदलाव स्वाभाविक प्रक्रिया है. उन्होंने यह भी कहा कि गांव-गांव संगठन को मजबूत करने और लोगों को जोड़ने का काम लगातार जारी रहता है.

By IANS

दिल्ली: राहुल गांधी से मिले स्वामी प्रसाद मौर्य, यूपी में गठबंधन और सीट बंटवारे पर चर्चा

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!