लखनऊ: गोमतीनगर में बैंक के बाहर शख्स ने पत्नी को मारी गोली, घर लौटकर बहन की हत्या की, फिर किया सुसाइड

double murder in lucknow (1) (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

लखनऊ: गोमतीनगर में बैंक के बाहर शख्स ने पत्नी को मारी गोली, घर लौटकर बहन की हत्या की, फिर किया सुसाइड

 

लखनऊ | उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में उस समय सनसनी फैल गई जब एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली. फिलहाल, लखनऊ पुलिस इस हत्याकांड में आगे की तफ्तीश में जुटी है.

शुरुआत में जानकारी आई कि लखनऊ के गोमतीनगर थाना क्षेत्र के विवेकखंड में दिन-दहाड़े एक महिला बैंक अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. दोपहर करीब 12 बजे महिला को आईसीआईसीआई बैंक ब्रांच के बाहर बुलाकर गोली मारी गई थी. व्यक्ति ने वारदात को अंजाम देने से पहले महिला से थोड़ी देर बात की और फिर कथित तौर पर गोली मारकर मौके से भाग गया.

गोली चलने की आवाज सुनकर बैंक कर्मचारी और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए. तुरंत महिला को नजदीक के एक अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. महिला की पहचान दिव्या मिश्रा के रूप में हुई. वह आईसीआईसीआई बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के तौर पर कार्यरत थी.

आरोप है कि दिव्या मिश्रा को उसके पति मानस बाजपेयी ने गोली मारी थी जो खुद भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की जानकीपुरम ब्रांच में काम करता था.

बाद में जानकारी सामने आई कि मानस बाजपेयी अपनी पत्नी की हत्या के बाद गोमतीनगर के हुसड़िया चौराहा स्थित घर पर लौटा जहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी. बाद में उसने खुद को भी गोली मारकर मौत के घाट उतार लिया. मानस बाजपेयी की बहन की पहचान 28 वर्षीय तूलिका उर्फ सीबा के रूप में हुई है.

दिव्या मिश्रा पर हमले को लेकर एक प्रत्यक्षदर्शी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया, “वह रास्ते से गुजर रहा था. एक युवक ने हाथ में दो पिस्टल ले रखी थीं. उसने बात करते-करते दोनों पिस्टल निकालकर गोली चला दी. आवाज सुनकर ब्रांच के कर्मचारी भी बाहर निकले लेकिन इस व्यक्ति ने बैंक कर्मचारियों पर पिस्टल तान दी. इसके कारण वे सभी वापस अंदर भाग गए. उधर, गोली मारने के बाद वह व्यक्ति भी फरार हो गया.”

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हत्या करने वाला व्यक्ति एक ऑटो में आया था. वारदात के बाद वह व्यक्ति ऑटो से ही वहां से भाग निकला. उसने बताया कि ऑटो रिक्शा पर पीछे नंबर प्लेट भी नहीं थी.

एडीसीपी ईस्ट अमोल मुरकुट ने आईएएनएस को बताया कि लखनऊ की रहने वाली दिव्या मिश्रा गोमती नगर की बैंक में कार्यरत थी. वह अपने साथी कर्मचारियों के साथ एक बैंक के ग्राहक से मिलकर आई थी. एडीसीपी ने बताया कि पति पहले से ही घात लगाकर बैठा था. उसने दिव्या पर हमला किया और गोली मारकर हत्या कर दी.

पूर्वी लखनऊ की डीसीपी दीक्षा शर्मा ने बताया कि दिन में गोमतीनगर थाना क्षेत्र में एक महिला को गोली लगने की सूचना मिली थी. पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल भेजा गया जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित किया. डीसीपी दीक्षा शर्मा ने कहा कि मौके पर मौजूद लोगों ने यह बताया था कि पति ने ही महिला की हत्या की है.

डीसीपी दीक्षा शर्मा ने कहा, “थोड़ी देर बाद हुसड़िया चौराहे के बाद एक व्यक्ति के अपनी बहन की हत्या करने और खुद को गोली मारने की सूचना मिली थी. इस सूचना पर जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो उस व्यक्ति की पहचान दिव्या के पति के रूप में की गई.”

डीसीपी दीक्षा शर्मा ने बताया कि एक व्हाट्सएप स्टेटस का पता चला है जिसमें मानस ने सुसाइड को लेकर अपना घटनाक्रम व्यक्त किया था.

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!