यूपी में आईपीएस अधिकारी की मां की हत्या के मामले में मायावती ने दी प्रतिक्रिया
बसपा सुप्रीमो मायावती की फाइल फोटो (आईएएनएस)
यूपी में आईपीएस अधिकारी की मां की हत्या के मामले में मायावती ने दी प्रतिक्रिया
लखनऊ | उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 91 वर्षीय बुजुर्ग मां की हत्या के मामले ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सियासी सवाल खड़े कर दिए हैं. बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने घटना पर दुख जताते हुए सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. मायावती ने सवाल उठाया कि जब एक पुलिस अधिकारी का परिवार ही सुरक्षित नहीं है तो आमजन की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है.
“बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा “यूपी के जिला अम्बेडकरनगर में वरिष्ठ आईपीएस अफसर श्री आशुतोष मिश्रा की 91-वर्षीय बुजुर्ग माता की हुई हत्या अति-दुखद तथा प्रदेश में कानून -व्यवस्था के हिसाब से अति-चिन्तनीय. ऐसी घटना को लेकर लोगों की यह आशंका वाजिब है कि जब हत्या जैसी जघन्य घटना पुलिस अधिकारी के परिवार के साथ हो सकती है तो आमजन की सुरक्षा का क्या होगा? सरकार इस घटना का उचित संज्ञान ले और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करे जो यह अत्यन्त जरूरी है.”
वहीं, सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी इसी मुद्दे पर लिखा कि अंबेडकरनगर में एक आईपीएस अधिकारी की माता जी की हत्या का दुखद समाचार आया है. प्रदेश में पुलिस ही सुरक्षित नहीं है, दुर्भाग्यपूर्ण. ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की आशंका समेत विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक, पहले महिला की मौत हार्ट अटैक से होने की सूचना मिली थी लेकिन बाद में आशुतोष मिश्रा ने हत्या की आशंका जताते हुए आभूषण गायब होने की बात बताई. सूचना के बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. शरीर पर चोट या संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं. तीन चिकित्सकों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया है.
By IANS
अंबेडकरनगर में आईपीएस अफसर की मां की हत्या पर मायावती ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की
