पिछले पांच सालों में पीएम मोदी के विदेशी दौरों पर कितना खर्च हुआ ? सरकार ने बताया

PM Narendra Modi (1)
The Hindi Post

पिछले पांच सालों में पीएम मोदी के विदेशी दौरों पर कितना खर्च हुआ ? सरकार ने बताया

 

केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने गुरुवार (6 अगस्त) को संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2026 में हुए आधिकारिक विदेश दौरों पर हुए खर्च का ब्योरा साझा किया. सरकार द्वारा राज्यसभा में पेश किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस साल फरवरी से जुलाई के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने 13 देशों की यात्राएं कीं जिन पर लगभग 74.5 करोड़ रुपये का खर्च आया. इसके साथ ही सरकार ने संसद में 2021 से अब तक की सभी यात्राओं के वित्तीय ब्योरे संबंधी दस्तावेज भी प्रस्तुत किए.

5 वर्षों में पीएम मोदी के विदेश दौरों पर कुल व्यय

विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि ये विदेश यात्राएं विभिन्न राष्ट्रों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को सशक्त बनाने और वैश्विक मंच पर भारत की सहभागिता को विस्तार देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं. इन यात्राओं के दौरान हुए द्विपक्षीय समझौतों से प्रौद्योगिकी, नवाचार, व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा और आपूर्ति श्रृंखला जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में साझेदारी को नई दिशा मिली है. सरकार ने रेखांकित किया कि अप्रैल 2021 से दिसंबर 2025 के दौरान देश में 381.8 अरब अमेरिकी डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) आया.

सरकार ने बताया कि साल 2021 से पीएम मोदी के विदेश दौरे पर कुल 550 करोड़ रुपये अधिक खर्च हुआ. राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में विदेश राज्य मंत्री ने बताया कि वर्ष 2026 में सबसे खर्चीला दौरा मई महीने में रहा जब पीएम मोदी ने पांच देशों की यात्रा की. इस दौरे पर कुल 17.46 करोड़ रुपये खर्च हुए.

वर्ष-दर-वर्ष खर्च का विवरण:

2025: ₹180 करोड़ से अधिक

2024: ₹109 करोड़

2023: ₹93 करोड़

2022: ₹55 करोड़

2021: ₹36 करोड़

सरकार द्वारा जारी आंकड़ों में कई यात्राओं के आगे स्टार (*) अंकित किया गया है जिसका अर्थ है कि ये आंकड़े अनंतिम (provisional) हैं. संबंधित देशों से अंतिम बिलों के समायोजन के पश्चात् ही अंतिम राशि का निर्धारण होगा. उल्लेखनीय है कि प्रस्तुत आंकड़ों में प्रधानमंत्री के जून में हुए फ्रांस दौरे के खर्च को अभी शामिल नहीं किया गया है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!