तालाब से एक साथ पांच शव मिलने से फैली सनसनी, पुलिस ने क्या बताया ?
तालाब से एक साथ पांच शव मिलने से फैली सनसनी, पुलिस ने क्या बताया ?, BIG NEWS
पटना | बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज अनुमंडल अंतर्गत गोविंदगंज थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां एक महिला और उसके चार बच्चों की तालाब में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है. शुक्रवार को पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी.
इस हादसे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई है. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.
स्थानीय निवासियों की मदद से महिला और तीन बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि चौथे बच्चे की तलाश के जारी हैं. ग्रामीणों के अनुसार, मृतकों में महिला, उसके दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं.
हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी पीड़ितों की पहचान और कुल मौतों की आधिकारिक पुष्टि राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही की जाएगी.
मृतक महिला की पहचान बभनौली पंचायत के वार्ड नंबर-6 के निवासी धर्मेंद्र महतो की पत्नी सुशीला देवी के रूप में हुई है. इस घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
डूबने की वजह और परिस्थितियां फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी हैं. कुछ ग्रामीणों को आशंका है कि यह घटना पारिवारिक विवाद से जुड़ी हो सकती है, जबकि कुछ लोगों का मानना है कि महिला जब पशुओं के लिए चारा एकत्र करने गई थी तब वह और उसके बच्चे हादसे का शिकार होकर तालाब में गिर गए होंगे.
पुलिस का कहना है कि मामले की हर संभावित पहलू से जांच की जा रही है और फिलहाल किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है.
घटना के तुरंत बाद अरेराज के अंचलाधिकारी (सीओ) और गोविंदगंज थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. बरामद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
गोताखोरों और स्थानीय निवासियों की मदद से लापता बच्चे की तलाश जारी है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने और परिवार के सदस्यों व गवाहों के बयान दर्ज किए जाने के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा.
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारियों पर ही भरोसा करें.
आईएएनएस/हिंदी पोस्ट डॉट इन
