‘गटर जेनरेशन’ वाले बयान के बाद कंगना रनौत और सौरव दास के बीच जारी जुबानी जंग में कैसे हुई ऋतिक रोशन की एंट्री?
‘गटर जेनरेशन’ वाले बयान के बाद कंगना रनौत के और सौरव दास के बीच के जारी जुबानी जंग में कैसे हुई ऋतिक रोशन की एंट्री?
भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत तथा सीजेपी (CJP) नेता सौरव दास के बीच जारी जुबानी जंग अब और तेज हो गई है. कंगना द्वारा इंस्टाग्राम पोस्ट पर सौरव दास को ‘बेकार और बेरोजगार’ कहे जाने के बाद सीजेपी नेता ने पलटवार किया है. ‘मोजो स्टोरी’ को दिए एक इंटरव्यू में ‘गटर जेनरेशन’ वाले बयान पर जवाब देते हुए सौरव दास ने बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन का जिक्र छेड़ दिया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके दोस्तों का मानना है कि कंगना उन पर इसलिए हमलावर है क्योंकि वह थोड़े-बहुत युवा ऋतिक रोशन जैसे दिखते हैं.
सौरव दास ने स्पष्ट किया कि उनके मन में कंगना के प्रति कोई व्यक्तिगत दुर्भावना नहीं है और उन्होंने अभिनेत्री से व्यक्तिगत आक्षेप लगाने के बजाय सार्थक संवाद करने की अपील की. उन्होंने कहा कि देश में सबसे बड़ी समस्या यह है कि लोग अब आपस में बातचीत, चर्चा और बहस करने से बचते हैं, जबकि सभी को मर्यादा में रहकर एक-दूसरे से संवाद करना चाहिए. सौरव का यह बयान कंगना और ऋतिक रोशन के बीच 2016 में हुए चर्चित विवाद की ओर इशारा करता है जब कंगना ने एक इंटरव्यू में ऋतिक को ‘सिली एक्स’ कहा था और दोनों के बीच लंबे समय तक कानूनी व सार्वजनिक खींचतान चली थी.
इसके साथ ही सौरव दास ने ‘जेन-जी’ (Gen Z) के खिलाफ कंगना की बयानबाजी की कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि देश की भावी पीढ़ी के बारे में बोलने से पहले कंगना को अपने शब्दों का चयन सोच-समझकर करना चाहिए क्योंकि ऐसे भद्दे शब्दों से लोगों का अपमान नहीं किया जा सकता. जब उनसे पूछा गया कि क्या वह कंगना या भाजपा नेताओं से कॉफी पर मिलेंगे, तो उन्होंने कहा कि वह किसी के प्रति द्वेष नहीं रखते और हमेशा लोकतांत्रिक बातचीत में विश्वास करते हैं.
गौरतलब है कि यह विवाद तब शुरू हुआ था जब कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर सौरव दास पर निशाना साधते हुए 28 साल की उम्र में खुद को छात्र बताने पर उनका मजाक उड़ाया था. कंगना ने दावा किया था कि उनकी उम्र तक वह दो राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी थीं. इसी क्रम में उन्होंने ‘जेन-जी’ प्रदर्शनकारियों को ‘गटर जेनरेशन’ करार दिया था जिसके जवाब में अब सौरव दास का यह बयान आया है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
