सऊदी अरब-पाकिस्तान के रक्षा समझौते “एक पर हमला माना जाएगा दोनों पर हमला..” पर भारत ने दी प्रतिक्रिया, क्या कहा..?
सऊदी और पाक के बीच हुए रक्षा समझौते पर भारत की ओर से प्रतिक्रिया देते विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
सऊदी अरब-पाकिस्तान के रक्षा समझौते “एक पर हमला माना जाएगा दोनों पर हमला..” पर भारत ने दी प्रतिक्रिया, क्या कहा..?
नई दिल्ली | सऊदी अरब और पाकिस्तान ने महत्वपूर्ण रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए है. इस पर पीएम शाहबाज शरीफ और सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने हस्ताक्षर किए. आपको बता दे कि शाहबाज शरीफ इन दिनों सऊदी अरब की यात्रा पर है.
जो समझौता हुआ है उसके अनुसार, पाकिस्तान या सऊदी, दोनों में से किसी एक देश पर अगर हमला होता है तो उसे दोनों पर हमला माना जाएगा.
इस समझौते में कहा गया है कि किसी भी देश के खिलाफ कोई भी आक्रामकता दोनों के खिलाफ आक्रामकता मानी जाएगी.
भारत ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हमने सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच रणनीतिक पारस्परिक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर की खबरें देखी हैं. सरकार को इस बात की जानकारी थी कि यह घटनाक्रम, जो दोनों देशों के बीच एक दीर्घकालिक समझौते को औपचारिक रूप देता है, विचाराधीन था. हम अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता पर इस घटनाक्रम के प्रभावों का अध्ययन करेंगे. सरकार भारत के राष्ट्रीय हितों की रक्षा और सभी क्षेत्रों में व्यापक राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.”
दोनों देशों के बीच यह समझौता ऐसे समय में हुआ है जब हाल ही में इजरायल ने कतर में हमास नेताओं को निशाना बनाया था. इस घटना ने खाड़ी देशों में असुरक्षा की भावना को गहरा कर दिया है खासकर उन देशों में जो दशकों से अमेरिका की सुरक्षा गारंटी पर निर्भर रहे हैं.
