अभिजीत दीपके पर स्याही फेंकने वाली महिला की पहली प्रतिक्रिया, कहा- “बहुत मारा, जय श्री राम…”
वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीनग्रैब
अभिजीत दीपके पर स्याही फेंकने वाली महिला की पहली प्रतिक्रिया, कहा- “बहुत मारा, जय श्री राम…”
दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद अब आंदोलन की कमान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने संभाल ली है. दीपके अब भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं. इसी बीच शनिवार दोपहर को आंदोलन स्थल पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला ने मंच पर भाषण दे रहे अभिजीत दीपके पर अचानक स्याही फेंक दी.
हिरासत में ली गई महिला, लगाए ‘जय श्रीराम’ के नारे
घटना के तुरंत बाद मौके पर तैनात पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए महिला को हिरासत में ले लिया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सामने आए वीडियो के अनुसार, जब पुलिस महिला को प्रदर्शन स्थल से बाहर ले जा रही थी तब मीडियाकर्मियों और कई अन्य लोगों ने उसे घेर लिया. इस दौरान महिला हाथ जोड़कर लगातार यह दावा करती दिखी कि उसके साथ मारपीट की गई है. उसने कैमरों के सामने कहा, “बहुत मारा-बहुत मारा. जय श्रीराम.” पुलिस के अनुसार, महिला ने ऐसा क्यों किया इसकी जांच की जा रही है.
When people asked the lady as to why she threw ink on Abhijit Dipke.
The woman responds : Jai Shri Ram pic.twitter.com/rP9z73FgN8
— Mohammed Zubair (@zoo_bear) July 18, 2026
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा आंदोलन
गौरतलब है कि पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी पिछले कई दिनों से जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रही है. इस आंदोलन में शामिल हुए प्रसिद्ध नवप्रवर्तक सोनम वांगचुक पिछले 20 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर थे. प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है.
आंदोलनकारियों ने आगामी 20 जुलाई से शुरू हो रहे संसद सत्र के दौरान ‘संसद मार्च’ का भी खाका तैयार किया है. हालांकि, इस मार्च से पहले ही शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से हटाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करा दिया. वांगचुक को हटाए जाने के बावजूद प्रदर्शनकारियों के हौसले पस्त नहीं हुए हैं और अभिजीत दीपके के नेतृत्व में यह अनशन और उग्र रूप लेता जा रहा है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
