पटाखा फैक्ट्री में तेज धमाके के बाद लगी भीषण आग, कई की मौत, शरीर से चमड़ी तक उतर गई

ahmadabad blast

हादसे के बाद मौके से भयावह तस्वीरें सामने आईं / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया / एक्स)

The Hindi Post

पटाखा फैक्ट्री में तेज धमाके के बाद लगी भीषण आग, कई की मौत, शरीर से चमड़ी तक उतर गई

 

 

अहमदाबाद | गुजरात के अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके में शनिवार को एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई. हादसे में एक श्रमिक की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जबकि करीब 15 लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने बताया कि जिस फैक्ट्री में हादसा हुआ, उसके पास संचालन का वैध लाइसेंस नहीं था.

यह हादसा रामोल से गतराड जाने वाले मार्ग पर महमूदपुरा टैलेंट के पास स्थित एक पटाखा निर्माण इकाई में हुआ. विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.

घटना के समय फैक्ट्री में कई कर्मचारी काम कर रहे थे. पुलिस और दमकल कर्मियों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.

 

जेपीसी क्राइम ब्रांच के अधिकारी शरद सिंघल ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि हादसे के समय फैक्ट्री में 15 लोग काम कर रहे थे. उन्होंने कहा, “अब तक एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य लोग घायल हैं और उनका इलाज जारी है.”

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री बिना लाइसेंस के संचालित की जा रही थी. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.

इस हादसे पर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने गहरा दुख जताया है. साथ ही, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया.

फिलहाल पुलिस और प्रशासन विस्फोट के कारणों की जांच में जुटे हैं. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बिना लाइसेंस के फैक्ट्री कैसे संचालित हो रही थी और सुरक्षा मानकों में कहां लापरवाही बरती गई.

आईएएनएस

अहमदाबाद में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, एक की मौत की पुष्टि; कई अन्य घायल


The Hindi Post
error: Content is protected !!