काले-जादू के लिए जबरन लिया महिला के मासिक धर्म का खून, 50 हजार रुपये में बेचा, महिला के पति और ससुराल वालों पर FIR दर्ज
सांकेतिक तस्वीर (फोटो क्रेडिट: इंग्लिश पोस्ट)
महाराष्ट्र के बीड से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 27 वर्षीय विवाहित महिला से दुष्कर्म किया गया. साथ ही उसे भूखा रखा गया और उसके मासिक धर्म के खून को इक्कठा करके बेच दिया गया. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
शिवसेना (यूबीटी) एमएलसी मनीषा कयांडे ने महाराष्ट्र विधान परिषद में इस मुद्दे को उठाया और अपराधियों के लिए कड़ी सजा की मांग की. यह घटना बीते मंगलवार को सामने आई.
उन्होंने कहा कि महिला के परिवारवालों के हस्तक्षेप के बाद, पुणे के विश्रांतवाड़ी पुलिस स्टेशन ने पीड़िता के पति और उसके (पति) माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
मनीषा कयांडे ने कहा, “पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसे मासिक धर्म के दौरान तीन दिनों तक भूखा रखा गया. साथ ही उसके मासिक धर्म के खून को इकट्ठा किया गया था और किसी को काले जादू करने के उद्देश्य से 50,000 रुपये में बेचा गया था.”
पीड़िता ने कहा कि 2019 में लव मैरिज करने के बाद से ही उसका पति और उसके माता-पिता उसे प्रताड़ित कर रहे थे. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला को प्रताड़ित क्यों किया जा रहा था.
पीड़िता ने कहा उसके ससुराल वालों ने मासिक धर्म के दिनों में उसे बांध दिया था. ऐसा करने के बाद वह महिला के मासिक धर्म के रक्त को रुई के फाहे से इकट्ठा किया करते थे. महिला ने कहा कि इस खून को उसके ससुराल वालों ने 50,000 रुपये में किसी ऐसे व्यक्ति को बेच दिया था जो जादू टोना करता है.
पुणे पुलिस ने सभी आरोपियों पर महाराष्ट्र काला जादू अधिनियम और अन्य कानूनों के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है. महाराष्ट्र काला जादू अधिनियम काफी सख्त कानून है जिसके तहत मामला दर्ज किया गया है.
भाजपा के पुणे के संरक्षक मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने इस घटना पर आश्चर्य व्यक्त किया और पुलिस को सभी आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने को कहा.
मनीषा कयांडे ने कहा, “कई बार ग्रामीण क्षेत्रों में काले जादू के लिए ऐसे अमानवीय रीति-रिवाजों और बर्बर प्रथाओं का पालन किया जाता है. मैं मांग करती हूं कि आरोपियों के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए. और ऐसे लोगों को पकड़ा जाए जो इस तरह के गलत और घिनौने काम में लिप्त हैं.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
