बीएसएफ ने 28 लाख रुपये की याबा टैबलेट के साथ महिला तस्कर को पकड़ा
कोलकाता | सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24-परगना के बनगांव में एक पेट्रोल पंप के पास से 28,10,000 रुपये कीमत की 5,620 याबा टैबलेट के साथ एक भारतीय महिला को गिरफ्तार किया है।
यह एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, इस तथ्य को देखते हुए कि संदिग्ध आतंकी संगठन भारत के मार्गों का उपयोग करके म्यांमार से बांग्लादेश तक ऐसी सिंथेटिक दवाओं की तस्करी में शामिल हैं।
खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि मुनाफे का इस्तेमाल उन सुविधाओं को बनाने के लिए किया जा रहा है, जिनका इस्तेमाल बाद में भारतीय धरती पर आतंकी हमलों के लिए किया जाएगा।

कैफीन और मेथामफेटामाइन का मिश्रण याबा टेबलेट्स पहले से ही भारत और बांग्लादेश दोनों में एक पार्टी ड्रग के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।
बांग्लादेश के ‘याबा किंग’ के रूप में जाने जाने वाले सैफुल करीम ने 2019 में पड़ोसी देश में अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था और उसके तुरंत बाद एक रेड में पुलिस के साथ जाते वक्त हुए हमले में मारा गया था।
करीम को निश्चित रूप से अब तक उत्तराधिकारी मिल गया है। याबा की अधिकांश गोलियां म्यांमार से मिजोरम और मणिपुर राज्यों के साथ लगते बॉर्डर के माध्यम से देश की सीमा में प्रवेश करती हैं। ये गोलियां शुरू में असम और त्रिपुरा के रास्ते बांग्लादेश जाया करती थी।

इन दोनों राज्यों में बीएसएफ के साथ-साथ स्थानीय पुलिस द्वारा इस रैकेट पर एक बड़ी कार्रवाई के बाद, याबा टैबलेट को अब तस्करी के लिए पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा है। कुछ गोलियां रास्ते में खासतौर पर कोलकाता और सिलीगुड़ी में बेच दी जाती है और बाकी भारत-बांग्लादेश सीमा तक पहुंचाई जाती है।
बीएसएफ के दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “सोमवार को, सीमा चौकी गुनारमठ पर तैनात 158 बटालियन बीएसएफ के जवानों को एक महिला के बारे में सूचना मिली, जो याबा की गोलियां ले जा रही थी। उसे बोंगांव में बाटा मोरे के पास एक पेट्रोल पंप पर किसी से मिलना था। कंपनी कमांडर ने तुरंत टीम का गठन किया।”
“एक महिला कांस्टेबल के साथ एक टीम बाटा मोरे के लिए रवाना हुई। दोपहर लगभग 2.30 बजे, एक महिला मौके पर पहुंची। उसकी पहचान तस्कर के रूप में की गई और उसे चुनौती दी गई। उसने पास के पेट्रोल पंप की ओर दौड़ लगाई, लेकिन महिला कांस्टेबल ने उसका पीछा किया और उस पर काबू पा लिया। उसके पास से याबा की गोलियां जब्त की गईं।”

पूछताछ के दौरान महिला ने अपनी पहचान बनगांव के मिली मंडल (Mili Mandal) (24) के रूप में की। मिली ने कबूल किया कि वह तस्कर जहांगीर के लिए पिछले तीन साल से कुरियर का काम कर रही है। सोमवार की सुबह, ड्रग्स का पैकेट जाहिर तौर पर बनगांव निवासी जहांगीर द्वारा उसे सौंपा गया था।
यह पैकेट उसे पेट्रोल पंप पर किसी को सौंपना था। जहांगीर ने कथित तौर पर उसे इस काम के लिए 15,000 रुपये देने का वादा किया था। महिला को जब्त टैबलेट के साथ बनगांव थाने को सौंप दिया गया है।
158 बटालियन बीएसएफ के सीओ हरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, “हमने स्थानीय पुलिस को सभी विवरण उपलब्ध कराए हैं। बीएसएफ न केवल अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) बल्कि पूरे सीमा क्षेत्र में अपराध को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है।”
आईएएनएस
हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे
