नोएडा में महिला का गार्ड से बदतमीजी करने का वीडियो वायरल, पुलिस ने लिया संज्ञान
नई दिल्ली | यूपी के नोएडा से एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें एक महिला सोसायटी का गेट देरी से खोले जाने को लेकर एक गार्ड से बदतमीजी करती नजर आ रही है।
वीडियो करीब 2 मिनट से अधिक समय का है। इस वीडियो के सामने आने के बाद नोएडा पुलिस ने मामले का संज्ञान भी लिया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला को हिरासत में ले लिया गया है।
महिला का वीडियो जेपी ग्रीन विश सोसाइटी का बताया जा रहा है। वीडियो में महिला गार्ड का हाथ पकड़े हुई है। गार्ड महिला के सामने गिड़गिड़ाता नजर आ रहा है।

हालांकि महिला शराब के नशे में थोड़ी देर बाद अभद्र भाषा का उपयोग करती सुनाई दे रही है और बार बार गार्ड का कॉलर भी पकड़ लेती है। महिला की बदतमीजी के बाद गार्ड नाराज होकर नौकरी छोड़ने तक की बात कर रहा है। महिला इतनी गन्दी-गन्दी गालियां दे रही है कि उसका वीडियो यहां दिखाया नहीं जा सकता है। हालांकि वीडियो देख कर किसी को भी शर्म आ जाए।
नोएडा सेक्टर 126 थाने ने महिला के इस वीडियो का संज्ञान ले लिया है और पुलिस की तरफ से कार्रवाई की जा रही है।
दरअसल यह पहली बार नहीं जब इस तरीके का वीडियो नोएडा से वायरल हो रहा हो, इससे पहले भी कई ऐसी घटनाएं देखी गई हैं जिसमें कुछ गार्ड और सोसाइटी के लोगों के बीच अनबन हुई।
आईएएनएस
