यूपी में ग्राम प्रधान ने दलित व्यक्ति को जूतों से पीटा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर (यूपी) | एक दलित व्यक्ति की जूतों से पिटाई करने के आरोप में सवर्ण जाति के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपितों में एक गांव का मुखिया भी है। यह घटना लगभग एक पखवाड़े पहले छपर क्षेत्र के रेटा नगला गांव में हुई थी। लेकिन घटना का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ही पुलिस हरकत में आई।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 41 वर्षीय दलित मजदूर दिनेश कुमार ने कथित तौर पर ग्राम प्रधान शक्ति मोहन सिंह के बारे में कुछ टिप्पणी की थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
मामले को सुलझाने के लिए बगल के गांव रीटा नगला के पूर्व प्रधान गजे सिंह ने दोनों को अपने घर बुलाया।
भारत जातिवाद की आग में जल रहा है। यूपी के मुजफ्फरनगर की ये घिनौनी घटना देखिए। स्वघोषित ऊंची जाति के ग्राम प्रधान ने एक SC युवक को जमीन पर बैठाकर चप्पलों से मारा और जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।
pic.twitter.com/a3Er6jdq9i— Suraj Kumar Bauddh (@SurajKrBauddh) August 20, 2022
बैठक के दौरान, शक्ति मोहन ने कथित तौर पर अपना आपा खो दिया और दिनेश को जूते से पीट दिया।
मोबाइल फोन पर शूट किए गए इस घटना के वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, मुजफ्फरनगर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लिया और छपर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने शक्ति मोहन सिंह को हिरासत में ले लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विनीत जायसवाल ने रविवार को कहा, “हमने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उन पर आईपीसी की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ एससी/एसटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।”
आईएएनएस
