कौन है सुधाकर सिंह जिन्होंने बीजेपी प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को हरा जीती घोसी विधानसभा सीट?
Photo: IANS
घोसी विधानसभा उपचुनाव समाजवादी पार्टी जीत गई है. समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता सुधाकर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के दारा सिंह चौहान को हरा दिया है.
सुधाकर सिंह दो बार विधायक रह चुके हैं. उन्होंने साल 1996 में नत्थूपुर विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी और उसी के साथ ही वह विधायक बने थे. इसके बाद साल 2012 में नत्थूपुर विधानसभा का नाम बदलकर इसका नाम घोसी कर दिया गया था. इस बदलाव के साथ ही यहां फिर चुनाव हुआ था और इसमें भी सुधाकर सिंह ही विजयी रहे थे.
साल 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में घोसी सीट से सपा ने एक बार फिर से सुधाकर सिंह को टिकट दिया था लेकिन, उन्हें बीजेपी के फागू चौहान से हार का सामना करना पड़ा था. जुलाई, 2019 में फागू चौहान को बिहार का राज्यपाल बनाया गया था तो घोसी विधानसभा सीट खाली हो गई थी और यहां उपचुनाव हुए थे.
इस बार बीजेपी ने विजय राजभर को तो सपा ने सुधाकर सिंह को चुनावी मैदान में उतारा था लेकिन तकनीकी खामियों के चलते उन्हें सपा से टिकट नहीं मिल पाया था. इसके बाद सुधाकर सिंह ने निर्दलीय चुनाव लड़ा था और सपा ने उन्हें समर्थन दिया था. पर सुधाकर चुनाव हार गए थे.
2022 में समाजवादी पार्टी ने सुधाकर सिंह को घोसी की जगह मधुबन से प्रत्याशी बनाया था, लेकिन फिर उनका टिकट कट गया था. सुधाकर सिंह की जगह सपा ने उमेश चंद पाण्डेय को चुनाव लड़ाया था. इसके बाद से सुधाकर सिंह ने बगावती तेवर अपना लिए थे. लेकिन उन्होंने पार्टी नहीं छोड़ी.
बता दें कि घोसी उपचुनाव में सुधाकर सिंह को कुल 124,427 वोट मिले. वहीं दारा सिंह चौहान को 81,668 मत प्राप्त हुए. इस तरह सुधाकर सिंह ने दारा सिंह चौहान को 42,759 वोटों से उपचुनाव में हरा दिया है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
