“ऑटो में गन और विस्फोटक है, प्रगति मैदान जा रहा है…” इस ट्वीट से दिल्ली पुलिस में मचा हड़कंप, जानिए आगे क्या हुआ
सांकेतिक तस्वीर (फाइल फोटो | आईएएनएस)
G20 शिखर सम्मेलन को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने के आरोप में शुक्रवार को एक व्यक्ति को उत्तरी दिल्ली से गिरफ्तार किया गया. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस शख्स ने दावा किया गया था कि एक ऑटो-रिक्शा हथियार और विस्फोटक लेकर प्रगति मैदान की ओर जा रहा है.
चूंकि प्रगति मैदान में G20 शिखर सम्मेलन चल रहा है इसलिए पुलिस तुरंत हरकत में आ गई.
पुलिस के अनुसार, भलस्वा डेयरी इलाके के रहने वाले एक शख्स ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर हथियार लदे ऑटो-रिक्शा के बारे में झूठी चेतावनी पोस्ट की. उसने लिखा कि ऑटो रिक्शा हथियार और विस्फोटक लेकर प्रगति मैदान की ओर जा रहा है. उसने एक ऑटो नंबर के साथ DCP आउटर नार्थ को टैग करके एक ट्वीट किया. इससे हड़कंप मच गया.
इसके बाद भलस्वा डेयरी पुलिस ने अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति को ढूंढ़ना शुरू किया और उसे गिरफ्तार कर लिया.
दिल्ली पुलिस ने एक्स पर लिखा, “G20 शिखर सम्मेलन क्षेत्र में बम की धमकी की अफवाह पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस की थाना भलस्वा डेयरी टीम ने आरोपी का पता लगाया और उसे सार्वजनिक रूप से झूठी खबर फैलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. इस शख्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.”
आगे की छानबीन में पुलिस को पता चला कि ऑटो चलाने वाला कपड़े की सप्लाई करता है. और शिकायती ट्वीट जानबूझकर आपसी रंजिश की वजह से ऑटो मालिक को फंसाने की नीयत से किया गया था. जांच में ये भी पता चला कि ऑटो मालिक और आरोपी के बीच पार्किंग को लेकर विवाद है.
दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपी कुलदीप ने निजी रंजिश के चक्कर में दिल्ली पुलिस को गलत जानकारी भेजी और उसने G20 से जुड़ी गलत जानकारी दी. इसलिए आरोपी कुलदीप के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
