केजरीवाल के दो दिन बाद इस्तीफा देने की बात पर क्या बोले अन्ना हजारे?

Anna Hazare (1) (1)
The Hindi Post

नई दिल्ली | दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कार्यकर्ताओं के बीच बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि वो दो दिन बाद सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे. इस पर सियासी दलों ने तो अपनी राय जाहिर की ही है समाज सेवी अन्ना हजारे ने भी प्रतिक्रिया दी है.

सीएम केजरीवाल के इस फैसले को लेकर समाजसेवी अन्ना हजारे ने कहा कि मैंने पहले ही अरविंद केजरीवाल को बताया था कि राजनीति में नहीं जाना, समाज की सेवा करना. इसी से तुम बड़े आदमी बन जाओगे. कई साल हम लोग साथ में रहे, उस वक्त मैं बार-बार कह रहा था कि राजनीति में नहीं जाना. समाज सेवा जीवन में आनंद देती है. मैं आनंद में डूबे रहने वाला व्यक्ति हूं. आज जो होना था वो हो गया.

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता उदित राज ने सीएम केजरीवाल की मंशा पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा, “इस पर कांग्रेस पार्टी जवाब तो नहीं देगी क्योंकि यह उनकी पार्टी का आंतरिक मामला है. वह इस्तीफा देंगे कि मुख्यमंत्री बने रहेंगे इसके बारे में वह ही बता सकते है. मेरा मानना है कि इस कदम के पीछे सहानुभूति के आधार पर वोट लेना है. उनकी अपनी रणनीति है कि वो क्यों इस्तीफा दे रहे हैं. इस्तीफा देना था, तो जब जेल जा रहे थे, उसी समय दे देना चाहिए था. अब इस समय इस्तीफे की पेशकश कर रहे हैं तो जरूर कोई बात होगी.”

Advertisement

दिल्ली से भाजपा सांसद योगेंद्र चांदोलिया ने कहा कि केजरीवाल ने इस्तीफा सुप्रीम कोर्ट के दबाव में देने का फैसला किया है. सुप्रीम कोर्ट ने जो शर्त लगाई है उसने केजरीवाल के हाथ पांव सारे बांध दिए गए हैं. अब वह सुनीता केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाएंगे और खुद शीश महल का आनंद लेंगे. दिल्ली की जनता केजरीवाल के नाटक को जान चुकी है.

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने (रविवार, 15 सितंबर) पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए कहा था, “मैं जब जेल में था तो भाजपा वालों ने पूछा कि केजरीवाल ने अपने पद से इस्तीफा क्यों नहीं दिया. मैं आपसे पूछने आया हूं कि आप केजरीवाल को ईमानदार मानते हो कि गुनहगार मानते हो? दो दिन के बाद मैं सीएम पद से इस्तीफा देने जा रहा हूं. मैं तब तक सीएम की कुर्सी पर नहीं बैठूंगा, जब तक जनता अपना फैसला न सुना दे. आप अपना फैसला सुनाओगे, तब मैं उस कुर्सी पर बैठूंगा.”

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!