ऋषिकेश में 4 दोस्तों की मौत से पहले का वीडियो आया सामने, XUV घुस गई थी ट्रक के नीचे और…

Rishikesh 2 (1)
The Hindi Post

ऋषिकेश में 4 दोस्तों की मौत से पहले का वीडियो आया सामने, XUV घुस गई थी ट्रक के नीचे और……

 

उत्तराखंड के ऋषिकेश में हुए भीषण सड़क हादसे से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है. यह वीडियो हादसे से कुछ सेकेंड पहले का है. करीब दो मिनट के इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार बहुत तेज रफ्तार में चलाई जा रही थी. कार में तेज आवाज में गाने बज रहे थे. ड्राइवर के पास वाली सीट पर बैठा युवक उल्टी दिशा में बैठकर डांस कर रहा था, जबकि पीछे बैठे युवक वीडियो बना रहे थे.

वीडियो में दिख रहा है कि कार चालक तेज रफ्तार में एक गाड़ी को ओवरटेक करता है. इसी दौरान सड़क पार कर रही एक गाय को बचाने की कोशिश में कार का संतुलन बिगड़ जाता है. इसके बाद कार अनियंत्रित हो जाती है. अंदर बैठे लोग गाली-गलौच करने लगते हैं और कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकराकर उसके नीचे घुस जाती है.

यह हादसा 16 दिसंबर की रात हुआ था. तेज रफ्तार महिंद्रा XUV500 हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आ रही थी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई. इस हादसे में कार सवार चारों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद वहां चीख-पुकार मच गई और राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े.

पुलिस के अनुसार, हादसा मनसा देवी मंदिर के पास रेलवे फाटक के नजदीक हुआ. कार के नीचे फंसे शवों को निकालने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और वाहन को काटना पड़ा.

मृतकों की पहचान धीरज जायसवाल (31), हरिओम पांडे (22), कर्ण प्रसाद (23) और सत्यम कुमार (20) के रूप में हुई है. सभी मृतक ऋषिकेश के ही रहने वाले थे और आपस में दोस्त थे. पुलिस ने बताया कि कार धीरज जायसवाल चला रहा था.

 

Hindi Post Web Desk

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!