बीजेपी पार्षद के बेटे ने दरोगा को जड़ा थप्पड़, FIR दर्ज

First Information Report FIR (1) (1)
The Hindi Post

बीजेपी पार्षद के बेटे ने दरोगा को जड़ा थप्पड़, FIR दर्ज…. BIG NEWS

 

वाराणसी | मणिकर्णिका घाट के पास नो-व्हीकल जोन में ड्यूटी कर रहे एक दरोगा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि भाजपा पार्षद के बेटे ने दरोगा को थप्पड़ मार दिया. घटना नए साल के मौके पर हुई जब घाट क्षेत्र में भारी भीड़ थी और यातायात नियंत्रण के लिए डायवर्जन लागू था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मणिकर्णिका घाट के पास तीन युवक बाइक से नो-व्हीकल जोन में प्रवेश कर गए. मौके पर तैनात दरोगा ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन युवक नहीं रुके. उन्होंने कहा, “आप हमें कैसे रोक सकते हैं, हम पार्षद के बेटे हैं.” दरोगा द्वारा पीछे किए जाने पर युवक ने अचानक दरोगा को थप्पड़ मार दिया. इसके बाद मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को पकड़कर चौक थाने ले गए. दरोगा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है.

चौक थाने में तैनात दरोगा अभिषेक त्रिपाठी के मुताबिक, पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर नए साल के मद्देनजर डायवर्जन लागू था. मणिकर्णिका गली के पास जाम की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे और भीड़ को डायवर्ट कर रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार युवक जबरन आगे बढ़ने लगे. युवक का नाम हिमांशु श्रीवास्तव बताया गया है, जिनके पिता बृजेश श्रीवास्तव हुकुलगंज से भाजपा पार्षद हैं.

दरोगा ने बताया कि थप्पड़ मारने के बाद स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. उन्होंने बीच-बचाव कर युवक को भीड़ से बचाया. इसी दौरान युवक के साथी घाट की ओर भाग गए, क्योंकि वे किसी अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे. कुछ देर बाद 40–50 लोग मौके पर पहुंचे और युवक को छुड़ाने की कोशिश की जिसके बाद कड़ी मशक्कत कर उसे थाने लाया गया.

उधर, घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपाई चौक थाने पहुंच गए और वहां जमावड़ा लग गया. थाना प्रभारी के अनुसार, दरोगा की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी का मेडिकल कराया गया है.

वहीं, आरोपी के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उसे जमीन पर बैठाए रखा जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई. परिजनों के मुताबिक, उसे कबीरचौरा अस्पताल की इमरजेंसी में पुलिस कस्टडी में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत ठीक नहीं बताई जा रही है.

Hindi Post Dot In

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!